Last Updated:
JPSC JSSC CGL Paper Leak CID Arrest: जेपीएससी और JSSC CGL परीक्षा की गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआईडी ने दूसरे राउंड में कार्रवाई तेज कर दी है. सीआईडी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर इस पूरे गड़बड़झाले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया है. बताया जा रहा है कि मामले में अबतक कुल 33 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, बावजूद कई आरोपी अभी भी सीआईडी के रडार पर हैं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
JPSC-JSSC CGL गड़बड़ी में कोचिंग संचालक और होटल में उत्तर रटवाने वाला गिरफ्तार
रांची. झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की गड़बड़ी के खेल की सीआईडी की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस पूरे नेटवर्क में कोचिंग संचालकों, परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों और अभ्यर्थियों के बीच की कड़ियां सामने आ रही हैं. अब जांच एजेंसी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक जेपीएससी परीक्षा में अभ्यर्थियों को सेटिंग के जरिए पास कराने का दावा करने वाला कोचिंग संचालक है, जबकि दूसरा जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में होटल में अभ्यर्थियों को उत्तर रटवाने के आरोप में पकड़ा गया है. दोनों गिरफ्तारियों के साथ मामले में अब तक कुल 33 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. यानी यह पूरा खेल और इसका नेटवर्क अब सिर्फ पेपर लीक और ओएमआर शीट में हेराफेरी तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि इससे कहीं आगे की कहानी कह रहा है.
शिवांगन कोचिंग का संचालक संजीत गिरफ्तार
बता दें कि सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता, पेपर लीक और ओएमआर शीट में हेराफेरी से जुड़े मामले में रांची के शिवांगन कोचिंग संस्थान के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है. इससे पहले जांच एजेंसी इस कोचिंग संस्थान में छापेमारी भी कर चुकी है. जांच के मुताबिक संजीत कुमार अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का दावा करता था और सेटिंग के नाम पर उनसे पैसे वसूलता था. सीआईडी को उसके परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी और एजेंसी के संचालक रामबीर सिंह से संपर्क होने की जानकारी मिली है. पूछताछ के दौरान अभय तिवारी ने भी संजीत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी थी. अब सीआईडी यह पता लगाने में जुटी है कि संजीत ने कितने अभ्यर्थियों से कितनी रकम वसूली, कितने लोगों को परीक्षा में लाभ पहुंचाने का दावा किया और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े थे.
आसनसोल के होटल में उत्तर रटवाने का आरोप
दूसरी गिरफ्तारी जेएसएससी सीजीएल परीक्षा से जुड़े मामले में हुई है. सीआईडी ने दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने चार-पांच अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित एक होटल में परीक्षा के उत्तर रटवाए थे. जांच में सामने आया कि दिलीप ने अभ्यर्थियों से इसके बदले मोटी रकम ली थी. सीआईडी को उसके वित्तीय लेन-देन समेत कई ठोस साक्ष्य मिले थे. इसके बाद उसे रांची बुलाकर पूछताछ की गई. पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार पासवान वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रह रहा था.
दूसरे चरण की कार्रवाई में 33 गिरफ्तारियां
जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों की जांच कर रही सीआईडी की यह दूसरे दौर की कार्रवाई है. अब तक कुल 33 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इनमें 21 आरोपी जेपीएससी मामले से जुड़े हैं, जबकि 12 आरोपी जेएसएससी सीजीएल प्रकरण में गिरफ्तार किए गए हैं. सीआईडी की जांच अभी जारी है. एजेंसी को संदेह है कि इस पूरे नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं. जांच का फोकस अब पैसों के लेन-देन, अभ्यर्थियों तक पहुंच, परीक्षा संचालन से जुड़े संपर्कों और कथित सेटिंग के पूरे तंत्र को जोड़ने पर है. आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.