Last Updated:
Retirement Planning : पुणे के एक युवक ने ऐसा धांसू रिटायरमेंट प्लान बनाया है जिसे सुनकर आपके भी मन में लालच आ जाएगा. इस युवा ने 40 साल की उम्र में नौकरी छोड़ सिर्फ मौज से जिंदगी बिताने का फैसला किया है.
रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए जल्दी शुरुआत करना बेहतर होता है.
नई दिल्ली. नौकरी करने वाले हर व्यक्ति की यही ख्वाहिश होती है कि रिटायरमेंट तक मोटा पैसा बनाया जाएगा और फिर चैन से बुढ़ापा काटेंगे. लेकिन, इस पर अमल बहुत कम ही लोग कर पाते हैं. अगर आपको भी पैसा बचाने और बनाने में दिक्कत आ रही है तो पुणे के रहने वाले इस युवा की कहानी जरूर पढ़ लीजिए. 13 साल में इस युवक ने अपनी सालाना कमाई 10 गुना बढ़ा दी और 4 करोड़ रुपये की सेविंग भी कर ली. उनका प्लान अगले 5 साल में रिटायर होने का है और फिर जैसा सभी का सपना होता है कि बैठकर खाना है और मौज उड़ाना है.
यह कोई सक्सेस स्टोरी तो नहीं है लेकिन एक सफल निवेश की रणनीति जरूर कही जा सकती है. पुणे के रहने रहने वाले शुभ पाटिल ने करियर की शुरुआत फार्मा एग्जीक्यूटिव यानी एमआर के तौर पर की थी. लेकिन, उन्होंने सरकारी योजनाओं का इस्तेमाल करके मोटा पैसा बनाया और एसआईपी के जरिये खूब पैसा बनाया. पाटिल की उम्र अभी 35 साल की है और उन्होंने शादी भी नहीं की है. शुभ का कहना है कि उनका शादी करने का प्लान भी नहीं है. उनके पिता एक रिटायर्ड शिक्षक हैं और उन्हें 70 हजार रुपये महीने की पेंशन भी मिलती है. इसका मतलब है कि शुभ के ऊपर कोई जिम्मेदारी नहीं है.
न कोई लोन और न ईएमआई
शुभ का कहना है कि उनके ऊपर न तो कोई होम लोन है, न कार लोन और न ही उन्हें कोई ईएमआई देनी है. फिलहाल उनके पास टाटा हैरियर कार है. शुभ ने बीते 13 साल तक नौकरी करके एसआईपी और अन्य योजनाओं में निवेश करके करीब 4 करोड़ रुपये का फंड जुटाया है. अब उनका प्लान अगले 5 साल में अपना फंड बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करना है और उसके बाद वे रेगुलर नौकरी से रिटायर हो जाएंगे. इसके बाद वह किसी छोटे शहर में चले जाएंगे और हर साल 12 लाख की कमाई से अपना जिंदगी बिताएंगे.
कैसे बनाया करोड़ों का फंड
शुभ ने अपने करियर को सिर्फ नौकरी करने में नहीं बिताया, बल्कि पैसे कमाने के साथ बनाने में भी मेहनत की. वैसे तो उनके करियर की शुरुआत महाराष्ट्र के सतारा जैसे छोटे शहर में शुरू हुई थी. उनका कहना है कि परिवार ने शुरुआत से ही फिजूलखर्ची पर रोक लगाने जैसी आदत सिखाई थी. यही वजह है कि शुरुआत से ही पैसों की कीमत पता चल गई थी. उन्हें अपने पिता से काफी धैर्य मिला था, जिसका इस्तेमाल अपनी फाइनेंशियल जर्नी में भी किया था.
शौक पर भी जमकर खर्चा
शुभ का कहना है कि आज वह सिर्फ पैसा कमाने और बनाने पर ही जोर नहीं देते, बल्कि अपने शौक पर भी जमकर खर्च करते हैं. उनका सालाना खर्चा आज 14.4 लाख रुपये है. इसमें से 8.4 लाख रुपये किराये और घर खर्च में जाता है, जबकि 6 लाख रुपये हर साल घूमने-फिरने पर खर्च करते हैं. उनका कहना है कि वे घूमने के शौकीन हैं और रिटायरमेंट के बाद अपने इस शौक को आगे भी जारी रखेंगे.