हवाओं से बिगड़ी प्लेन की चाल, पहले नहीं कर पाया लैंडिंग, फिर टेल स्ट्राइक
Last Updated:
गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6542 के साथ केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एबनॉर्मल रनवे कॉन्टैक्ट की घटना सामने आई है. एयरबस ए321नियो विमान वीटी-एनएचपी को लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड करना पड़ा. इसी दौरान विमान के पिछले हिस्से के रनवे से टकराने की जानकारी सामने आई है. घटना के समय बेंगलुरु में तेज हवाएं चल रही थीं. सभी पैसेंजर और क्रू सुरक्षित हैं. घटना के बाद विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है और उसकी जांच की जा रही है.
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो का एक प्लेन टेल स्ट्राइक का शिकार हो गया है. (AI Image)
Airport News: बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस का एक प्लेन टेल स्ट्राइक का शिकार हो गया है. यह प्लेन गुवाहाटी से बेंगलुरु आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6542 के लिए तैनात था. ट्रेक स्ट्राइक का शिकार हुआ प्लेन एयरबस ए321नियो है और इसका रजिस्ट्रेशन वीटी-एनएचपी है. बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान विमान को गो-अराउंड करना पड़ा. इसी दौरान प्लेन का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसे एविएशन की भाषा में टेल स्ट्राइक कहा जाता है.
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6542 गुवाहाटी से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी. बेंगलुरु पहुंचने के बाद प्लेन केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तैयारी कर रहा था. उस समय एयरसाइड में हवा की रफ्तार बेहद तेज हो गईं. लैंडिंग के दौरान स्थिति असामान्य होने के चलते पायलट ने गो-अराउंड का फैसला किया. गो-अराउंड के लिए उड़ान भरते समय प्लेन का पिछला हिस्सा के रनवे से रगड़ खा गया. प्लेन के पिछले हिस्से का रनवे से टकराना एविएशन में टेल स्ट्राइक कहा जाता है. इंडिगो ने इसे ‘एबनॉर्मल रनवे कॉन्टैक्ट’ बताया है.
जिस समय यह घटना हुई, उस समय बेंगलुरु में तेज हवाएं चल रही थीं. हालांकि, घटना की पूरी वजह क्या थी और प्लेन के पिछले हिस्से को कितना नुकसान हुआ है, यह तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा.
इंडिगो
सभी पैसेंजर और क्रू सुरक्षित
इस घटना में प्लेन में सवार सभी पैसेंजर और क्रू सुरक्षित हैं. घटना के बाद सभी को प्लेन से सुरक्षित उतार लिया गया. किसी के घायल होने की जानकारी नहीं दी गई है. इंडिगो ने बताया कि घटना की जानकारी मानक ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत संबंधित सभी अधिकारियों को दे दी गई है. साथ ही, घटना के बाद प्लेन वीटी-एनएचपी को ग्राउंडेड कर दिया गया है. फिलहाल प्लेन की मेंटेनेंस और टेक्निकल जांच की जा रही है. जांच के दौरान प्लेन के पिछले हिस्से समेत उन सभी हिस्सों की स्थिति देखी जाएगी, जो रनवे कॉन्टैक्ट में आने से प्रभावित हो सकते हैं.
जांच के बाद ही मिलेगी उड़ान की इजाजत
प्लेन को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति तभी दी जाएगी, जब उसकी जांच पूरी हो जाएगी और जरूरी मंजूरी मिल जाएगी. फिलहाल यह साफ नहीं है कि टेल स्ट्राइक के कारण प्लेन को कितना नुकसान हुआ है. घटना के कारणों और प्लेन की तकनीकी स्थिति का आकलन जांच के बाद किया जाएगा. इंडिगो ने कहा है कि पैसेंजर और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्लेन को सभी जरूरी तकनीकी जांच और मंजूरी के बाद ही दोबारा ऑपरेशन में शामिल किया जाएगा.