Last Updated:
समय रैना ने अपने शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट 2’ में पहुंचे आयुष्मान खुराना को भी नहीं बख्शा. कॉमेडियन ने उनकी फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ की सरेआम धज्जियां उड़ा दीं. समय रैना ने चुटकी लेते हुए आयुष्मान खुराना से कहा कि उनकी फिल्म को सिर्फ दो ही लोग देखने के लिए थिएटर गए थे और अब वे अब अपने पैसे का रिफंड मांग रहे हैं. यह सुनकर आयुष्मान खुराना हंस पड़े.
समय रैना ने ‘पति पत्नी और वो दो’ पर ली चुटकी. (फोटो साभार: Instagram@ayushmannk/maisamayhoon)
नई दिल्ली. मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना अपने शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ का एक और धमाकेदार बोनस एपिसोड लेकर वापस लौट आए हैं. इस बार शो के जजिंग पैनल में बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना की खास एंट्री हुई है, जिन्होंने अपनी मौजूदगी से शो की चमक और बढ़ा दी है. इस एपिसोड में समय और आयुष्मान के साथ जानी-मानी मेंटलिस्ट सुहानी शाह, कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ और कॉमेडियन रजत सूद भी जजों की कुर्सी संभालते नजर आए. लेटेस्ट एपिसोड में समय रैना, आयुष्मान खुराना को रोस्ट करते हुए दिखे.
‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो के 34 मिनट 13 सेकंड का यह अनकट एपिसोड फिलहाल सिर्फ समय रैना के यूट्यूब चैनल के सब्सक्राइबर्स और मेंबर्स ही देख सकते हैं. आयुष्मान की हाजिरजवाबी और समय के ह्यूमर का यह कॉम्बिनेशन सोशल मीडिया पर पहले से ही ट्रेंड करने लगा है. शो के दौरान जब आयुष्मान खुराना जज की कुर्सी पर बैठे, तो समय रैना ने टांग खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
समय रैना ने आयुष्मान खुराना को किया रोस्ट
बातचीत के दौरान समय ने आयुष्मान की फिल्म पर चुटकी लेते हुए कहा, ‘मैंने आपकी फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2′ देखी थी. वो दो का मतलब वो दो लोग हैं, जो मेरे साथ थिएटर में फिल्म देखने गए थे और सच बताऊं तो अब उन्हें भी टिकट का रिफंड ही चाहिए’. समय का यह मजाकिया पंच सुनते ही आयुष्मान खुराना खुद को रोक नहीं पाए और ठहाके मारकर हंस पड़े.
आयुष्मान खुराना की अपकमिंग फिल्में
आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी दो फिल्मों के प्रमोशन में बिजी हैं. उनकी पहली फिल्म ‘उड़ता तीर’ है, जिसमें वह एक बार फिर सारा अली खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे. इस मूवी में राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैयर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बिजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे जैसे सितारों की लंबी-चौड़ी फौज देखने को मिलेगी. यह फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
‘ये प्रेम मोह लिया’ में नजर आएंगे आयुष्मान खुराना
इसके अलावा, आयुष्मान मशहूर डायरेक्टर सूरज बड़जात्या की अगली फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं, जिसमें उनके साथ शर्वरी वाघ लीड रोल में हैं. इस फिल्म का टाइटल ट्रैक इसी महीने रिलीज हुआ है, जिसे फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. यह मच अवेटेड फिल्म 27 नवंबर 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी.