हिमाचल के नालागढ़ में पूरा परिवार बना ड्रग्स सप्लाइयर, ₹2.08 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, काली कमाई से कार, स्कूटर, जमीन और मकान बनाया था

हिमाचल के नालागढ़ में पूरा परिवार बना ड्रग्स सप्लाइयर, ₹2.08 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, काली कमाई से कार, स्कूटर, जमीन और मकान बनाया था


बद्दी. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में नशा तस्करी के खिलाफ बद्दी पुलिस का अभियान लगातार जारी है. पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़ी संपत्तियों पर भी आर्थिक कार्रवाई की है. इसी कड़ी में नालागढ़ में एक ही परिवार से संबंधित करीब ₹2.08 करोड़ की चल एवं अचल संपत्ति को कानून के प्रावधानों के तहत फ्रीज किया गया है.

पुलिस थाना नालागढ़ में 12 मई 2024 को दर्ज मामले में आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा, निवासी टिक्कर पनौह, नालागढ़ के कब्जे से 6.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों और उनके परिजनों की संपत्तियों की विस्तृत वित्तीय जांच की तथा संपत्तियों के स्रोत और मामले से जुड़े वित्तीय संबंधों की जांच के बाद नियमानुसार फ्रीजिंग की कार्रवाई की.

पुलिस के अनुसार, अमरजीत कौर से संबंधित टाटा पंच, एक्टिवा, करीब 7.10 बिस्वा भूमि और उस पर बने दो मंजिला मकान सहित लगभग ₹80.07 लाख की संपत्ति फ्रीज की गई है.

वहीं सतनाम सिंह उर्फ सत्ती से संबंधित एक्टिवा, मारुति जेन तथा 2.10 बिस्वा भूमि पर बने मकान और भूमि समेत करीब ₹83.15 लाख की संपत्ति फ्रीज की गई है. पुलिस के अनुसार उक्त भूमि और मकान हिमांशी सहोत्रा, पत्नी सतनाम सिंह, के नाम दर्ज हैं.

इसके अलावा आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित नालागढ़ स्थित मकान और भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹45 लाख बताई गई है, उसे भी फ्रीज किया गया है. तीनों मामलों की कुल अनुमानित संपत्ति करीब ₹2 करोड़ 8 लाख 22 हजार है.

डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ बद्दी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी जा रही, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित संपत्तियों की भी वित्तीय जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि कानून के प्रावधानों के अनुसार ऐसी संपत्तियों के खिलाफ फ्रीजिंग और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

हाल ही में दो ऐसे मामले

बद्दी पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान नशा तस्करों से संबंधित करीब ₹5.5 करोड़ की चल एवं अचल संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है. पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्तियों पर भी आर्थिक कार्रवाई की जाएगी.



Source link