Last Updated:
NH-122B सड़क निर्माण का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है. समस्तीपुर जिले में करीब 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. मोहनपुर में टोल प्लाजा भी बनकर तैयार है. इस सड़क के शुरू होने से समस्तीपुर से हाजीपुर, पटना और बेगूसराय का सफर आसान हो जाएगा. अब लोगों को इसके उद्घाटन का इंतजार है.
समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले से होकर गुजरने वाली NH-122B सड़क के निर्माण को लेकर वर्षों से इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है.सड़क निर्माण का काम अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है. ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार समस्तीपुर जिले के हिस्से में सड़क निर्माण का करीब 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि पूरे प्रोजेक्ट में अब महज कुछ प्रतिशत काम शेष बताया जा रहा है. निर्माण एजेंसी की ओर से कई जगहों पर तेजी से काम कराया जा रहा है. समस्तीपुर के अलावा बेगूसराय और वैशाली जिले के कुछ हिस्सों में भी काम बाकी बताया जा रहा है.
ऐसे में लंबे समय से इस सड़क के शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों की नजर अब इसके उद्घाटन पर टिकी हुई है. हालांकि आधिकारिक रूप से उद्घाटन की तारीख की घोषणा का इंतजार है, लेकिन जिस तेजी से काम अंतिम चरण में पहुंचा है, उससे सड़क जल्द यातायात के लिए खोले जाने की उम्मीद बढ़ गई है.
मोहनपुर में तैयार हुआ टोल प्लाजा
सड़क निर्माण के साथ ही समस्तीपुर के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र में टोल टैक्स प्लाजा का निर्माण भी कराया गया है. यह टोल प्लाजा मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंड के बीच बोथ नाला पुल के समीप बनाया गया है. मौके पर टोल वसूली से संबंधित आधुनिक मशीनें और अन्य व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं. टोल प्लाजा पर वाहनों के आवागमन के लिए अलग-अलग व्यवस्था देखने को मिल रही है. ग्राउंड पर मौजूद तैयारियों से साफ है कि सड़क के चालू होने के बाद यहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए टोल व्यवस्था भी लागू की जाएगी.
सड़क के किनारे जरूरी सुविधाओं और अन्य निर्माण कार्यों को भी अंतिम रूप देने का काम जारी है. स्थानीय स्तर पर लोगों में इस सड़क को लेकर काफी उत्साह है, क्योंकि इसके चालू होने से समस्तीपुर के साथ-साथ मोहनपुर, मोहिउद्दीननगर और आसपास के इलाकों के लोगों को लंबी दूरी के सफर में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
बेगूसराय से पटना तक सफर होगा आसान
इस सड़क के पूरी तरह चालू होने के बाद बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली और पटना की ओर आने-जाने वाले लोगों को यातायात में सुविधा मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी कई मार्गों से होकर लंबा सफर करना पड़ता है, लेकिन NH-122B के चालू होने के बाद यात्रा का समय कम हो सकता है और आवागमन पहले की तुलना में सुगम होगा. ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान स्थानीय रवि कुमार ने बताया कि सड़क का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब लोगों को उद्घाटन का इंतजार है.
उन्होंने कहा कि समस्तीपुर में थोड़ा बहुत काम अभी बाकी है, जिसे जल्द पूरा किए जाने की उम्मीद है. सड़क शुरू होने के बाद पटना, हाजीपुर और बरौनी की ओर जाने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलने की बात स्थानीय लोग कह रहे हैं.फिलहाल लोगों की नजर अब इस बात पर है कि बचा हुआ काम कब पूरा होता है और NH-122B पर नियमित यातायात की शुरुआत कब होती है.