Price Hike : दिवाली से पहले लगा जोर का झटका! AC, टीवी और फ्रिज हुए महंगे, कितना बढ़ा रेट?

Price Hike : दिवाली से पहले लगा जोर का झटका! AC, टीवी और फ्रिज हुए महंगे, कितना बढ़ा रेट?


नई दिल्‍ली. दिवाली और दशहरे पर टीवी, फ्रीज और वाशिंग मशीन जैसे होम अप्लायंसेज खरीदने का मन बनाने वालों की जेब पर महंगाई की मार पड़ने वाली है. नवरात्रि, दशहरा और दिवाली से ठीक पहले एयर कंडीशनर (AC), स्मार्ट एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन की कीमतों में 5 से 8 फीसदी तक का इजाफा हो सकता है. ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स समेत कई कंपनियां ने तो कुछ प्रोडक्‍ट्स के दाम बढ़ा भी दिए हैं. कच्चे माल की रिकॉर्ड कीमतों और लॉजिस्टिक्स खर्च के बढ़ने के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों को रेट में इजाफा करना पड़ रहा है.

कंपनियों के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग लागत में आई भारी उछाल के चलते अब रेट बढ़ाने के अलावा और कोई चारा नहीं है. तांबा, एल्युमिनियम, इस्पात, प्लास्टिक और कच्चे तेल से जुड़े कंपोनेंट्स के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुके हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबे की कीमत पिछले साल के करीब 8,000–9,000 डॉलर प्रति टन से उछलकर लगभग 14,500 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई है. चूंकि एक एसी में औसतन 3 से 4 किलोग्राम तांबा लगता है, इसलिए निर्माण लागत सीधे बढ़ गई है. डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव और माल ढुलाई (फ्रेट) खर्च बढ़ने से कंपनियों का मार्जिन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.

एसी 8% तो टीवी 4% महंगे होंगे

एयर कंडीशनर की कीमतों में जहां करीब पांच से आठ प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है, वहीं कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एलईडी टीवी के दाम तीन से चार प्रतिशत बढ़ाने जा रही हैं. हालांकि, कुछ कंपनियां अभी स्थिति का आकलन कर रही हैं. कई कंपनियों का मानना है कि कीमत बढ़ाने से मांग पर असर पड़ सकता है. वहीं कुछ अन्य की राय है कि कीमत वृद्धि का असर सीमित रहेगा, क्योंकि डीलर और वितरकों के पास पहले ही पुराने दाम का स्टॉक है.

इन कंपनियों ने बढ़ाए दाम

ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स समेत कई कंपनियां विभिन्न श्रेणियों में कीमतें बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं. एलजी और बॉश होम कम्फर्ट, जो हिताची ब्रांड के एयर कंडीशनर का कारोबार करती है, ने भी एसी की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. पैनासोनिक अभी कीमत बढ़ाने को लेकर स्थिति का आकलन कर रही है.

ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने कहा कि बढ़ती जिंस कीमतों के कारण एसी और डीप फ्रीजर की कीमतें पहले ही पांच से आठ प्रतिशत बढ़ाई जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि तांबा, इस्पात और प्लास्टिक समेत विभिन्न कच्चे माल के दाम चढ़ गए हैं और कंपनी इस साल अब तक तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है.

गोदरेज भी बढ़ाएगी दाम

गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि पिछली कीमत समीक्षा के बाद जिंस की लागत में आठ से 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. ऐसे में विभिन्न श्रेणियों में पांच से सात प्रतिशत तक की कीमत वृद्धि अपरिहार्य हो गई है. हालांकि, उन्होंने कहा कि पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक अब करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में उपलब्ध रह सकता है.

हायर अगले महीने बढ़ाएगी टीवी-वाशिंग मशीन का रेट

हायर इंडिया के अध्यक्ष एन.एस. सतीश ने कहा कि कंपनी एक अक्टूबर से एयर कंडीशनर की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत की वृद्धि करेगी. अन्य उत्पादों, जैसे एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन, की कीमतों में भी दो से तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि कच्चे माल की लागत बढ़ती रही, तो दिसंबर और जनवरी में भी कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं.

सतीश के मुताबिक, तांबे की कीमत पिछले साल के करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति टन से बढ़कर लगभग 14,500 डॉलर तक पहुंच गई है. एक एयर कंडीशनर में औसतन तीन से चार किलोग्राम तांबे का इस्तेमाल होता है, इसलिए इसका असर एसी की विनिर्माण लागत पर सीधे पड़ रहा है.

डाइकिन पहले ही बढ़ा चुकी दाम

डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने बताया कि कंपनी ने 16 सितंबर से ही कीमतों में आठ से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है. उन्होंने कहा कि तांबे की कीमतों में करीब 25 से 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और डॉलर मजबूत होने से कंपनियों पर लागत का दबाव और बढ़ गया है. वहीं, सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (एसपीपीएल) ने अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतों में करीब सात प्रतिशत की वृद्धि की योजना बनाई है. कंपनी के मुताबिक, अन्य घरेलू उपकरणों की कीमतें पहले ही चार से पांच प्रतिशत बढ़ाई जा चुकी हैं.

क्‍या दिवाली पर महंगे मिलेंगे टीवी-फ्रिज

उद्योग के लिए चिंता की बात यह भी है कि कीमतों में बढ़ोतरी का असर त्योहारी मांग पर पड़ सकता है. आमतौर पर नवरात्रि से दिवाली तक उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों की बिक्री में तेजी आती है और कंपनियां आकर्षक छूट एवं ऑफर देती हैं. ऐसे में बढ़ी हुई कीमतें ग्राहकों के खरीद निर्णय को प्रभावित कर सकती हैं.



Source link