‘लुच्चा-लफंगा’… बिहार में लड़कियों से छेड़छाड़ पर आक्रोश के बीच जातीय बयानबाजी, मंत्री की यादव समाज पर विवादित टिप्पणी

‘लुच्चा-लफंगा’… बिहार में लड़कियों से छेड़छाड़ पर आक्रोश के बीच जातीय बयानबाजी, मंत्री की यादव समाज पर विवादित टिप्पणी


Last Updated:

Bhagwan Singh Kushwaha Statement Controversy: जमुई, समस्तीपुर और बांका में नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ और दरभंगा में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है. पुलिस कार्रवाई में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ नेताओं के बयानों ने मामले को जातीय रंग दे दिया है. इसी कड़ी में बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा का एक बयान विवादों में आ गया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने यादव समाज पर की टिप्पणी

बिहार में नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर आक्रोश के बीच अब जाति को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है. जमुई, समस्तीपुर और बांका की घटनाओं के बाद बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा का यादव समाज को लेकर दिया गया बयान विवादों में आ गया है. मंत्री ने यादव समाज में लुच्चा-लफंगा लोगों की संख्या ज्यादा होने की टिप्पणी की और जेलों में बंद लोगों के आंकड़ों का हवाला दिया. उन्होंने यादव समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दावा किया कि इस जाति के लोगों में ज्यादा ‘लुच्चा-लफंगा’ हैं और जेलों में भी इसी जाति के लोग सबसे अधिक बंद हैं.

मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने यादव समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दावा किया कि इस जाति के लोगों में ज्यादा लुच्चा लफंगा हैं और जेलों में भी इसी जाति के लोग सबसे अधिक बंद हैं. उन्होंने कहा कि जेल में जितनी संख्या है, आंकड़े मिला लीजिए. जितनी गुंडागर्दी हो रही है, यादव जाति की या किसी जाति विशेष की बात नहीं है, लेकिन उनकी संख्या लुच्चा लफंगा की ज्यादा है. उनका यह बयान कैमरे में रिकॉर्ड हुआ और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

आरजेडी पर भी लगाया आरोप

मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने हाल की घटनाओं और उनके वीडियो के प्रसार को लेकर राष्ट्रीय जनता दल पर भी आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है और घटनाओं की पड़ताल किए बिना वीडियो प्रसारित नहीं किए जाने चाहिए. उन्होंने पत्रकारों से भी किसी घटना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी तहकीकात करने की बात कही. ये आरोप मंत्री के अपने बयान हैं.

क्यों भड़का विवाद?

बता दें कि बीते कुछ दिनों में जमुई के मड़वा पहाड़ी, समस्तीपुर, बांका और दरभंगा में जो मामले सामने आए हैं, उनमें कुछ आरोपियों की जाति को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही थी. ऐसे समय में एक मंत्री द्वारा एक जाति विशेष को टारगेट कर इस तरह की टिप्पणी से विवाद और बढ़ गया है. विपक्ष ने इसे जाति की आग भड़काने वाला बयान बताया है.

सियासी प्रतिक्रिया

मंत्री के बयान के बाद यादव समाज के लोगों और कई सामाजिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है. लोगों का कहना है कि अपराध की कोई जाति नहीं होती. अपराधी को जाति से जोड़ना गलत है. वहीं राजनीतिक हलकों में भी इस बयान को लेकर चर्चा तेज है. जेडीयू की तरफ से अभी तक इस बयान पर आधिकारिक सफाई नहीं आई है.

पुलिस की कार्रवाई जारी?

उधर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में पर्यटन स्थलों पर गश्ती बढ़ाने का आदेश दिया है. जमुई मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार है, जबकि दरभंगा में दुष्कर्म के दो आरोपी पकड़े गए हैं. पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार कार्रवाई हो रही है, इसमें जाति का कोई सवाल नहीं है.



Source link