Last Updated:
गणपति विसर्जन के लिए तालाब में गए एक लड़के की डूबने से मौत हो गई. लड़के का नाम गोलू है और वह 32 साल का है. कहा जा रहा है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड और एक दोस्त के साथ उज्जैन के उंडासा तालाब में गणपति विसर्जन के लिए गया था. वह प्रशासन द्वारा तय जगह पर न जाकर दूसरी जगह गया. अपनी गर्लफ्रेंड से तैरने का वीडियो बनाने के लिए कहा. पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
32 साल का गोलू तालाब में डूब गया.
उज्जैन. उज्जैन में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ. उंडासा तालाब में तैरने उतरा 32 वर्षीय युवक देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया. हैरानी की बात यह रही कि युवक की गर्लफ्रेंड मोबाइल से उसका वीडियो बना रही थी. युवक के डूबने तक उसे खतरे का अंदाजा नहीं हुआ. घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मक्सी रोड स्थित उंडासा तालाब की है. पंवासा के रहने वाले 32 साल के गोलू उर्फ सागर अपने दोस्त अनमोल और गर्लफ्रेंड के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब गए थे.
पुलिस-प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन के लिए एक निर्धारित स्थान तय किया था, लेकिन बताया जा रहा है कि युवक और उसके साथ मौजूद लोग दूसरे स्थान पर चले गए. प्रतिमा विसर्जन के बाद अनमोल वहां से चला गया, जबकि गोलू अपनी गर्लफ्रेंड के साथ तालाब के किनारे रुक गया. इसी दौरान गोलू ने गर्लफ्रेंड से कहा कि उसे तैरना आता है और वह तालाब में नहाकर आता है. इसके बाद वह पानी में उतर गया. महिला मित्र मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगी.
वीडियो में युवक पहले तालाब के बीच बने एक टापू तक पहुंचता दिखाई देता है और कुछ देर वहां बैठता है. इसके बाद वह दोबारा पानी में उतरकर तैरने की कोशिश करता है. गर्लफ्रेंड लगातार उसे तैरते हुए आगे बढ़ने के लिए कहती रही. वह युवक से कहती सुनाई देती है कि वीडियो बन रहा है, अब वापस आ जाओ. कुछ देर बाद जब युवक एक ही जगह हाथ-पैर चलाता दिखाई दिया तो महिला मित्र ने उसे आगे बढ़ने के लिए कहा. लेकिन इसी दौरान गोलू अचानक पानी में डूबने लगा. देखते ही देखते वह गर्लफ्रेंड की आंखों से ओझल हो गया.
लड़की की पुकार मदद को पहुंचे लोग
गोलू को डूबता देख गर्लफ्रेंड ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी. सूचना मिलते ही पंवासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने गोलू को पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई के मुताबिक युवक निर्धारित विसर्जन स्थल की बजाय तालाब के दूसरे हिस्से में गया था. नहाने और तैरने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. तालाब और नदी में नहाने या तैरने के दौरान सावधानी बेहद जरूरी है. खासकर प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा तय किए गए सुरक्षित स्थान का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है.
रिपोर्ट-अजय पटवा