MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
धमतरी में महानदी का जलस्तर बढ़ा, 12 परिवार शिफ्ट
महानदी का जलस्तर बढ़ने के बाद धमतरी में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. तटीय गांव कोलियारी के 12 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है. सभी परिवारों को जिला प्रशासन के बाढ़ आपदा भवन में ठहराया गया है.
धमतरी में गंगरेल बांध से 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
धमतरी के गंगरेल बांध से अभी भी भारी मात्रा में पानी का आउटफ्लो जारी है. बांध से करीब 2 लाख क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है. हालांकि, पिछले कुछ घंटों से बारिश रुकी हुई है. जलभराव की आशंका को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को राहत केंद्रों में शिफ्ट किया जा रहा है.
डिंडौरी में नर्मदा उफान पर, जोगी टिकरिया पुल डूबा
लगातार बारिश के बाद डिंडौरी में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. जोगी टिकरिया पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर आवागमन बंद कर दिया गया है. दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुकने से यात्रियों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है. प्रशासन ने लोगों से नर्मदा के आसपास सावधानी बरतने और जोखिम न उठाने की अपील की है.
जावरा में शांतिपूर्ण तरीके से हुआ गणेश विसर्जन
रतलाम के जावरा में तनावपूर्ण माहौल के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. पैलेस रोड मैदान से निकले सामूहिक चल समारोह में 19 झांकियों के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे. वहीं, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
भिंड में गणपति विसर्जन के दौरान हादसा, कुंवारी नदी में तीन युवक डूबे
भिंड के ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर में गणपति विसर्जन के दौरान कुंवारी नदी में तीन युवकों के डूबने की सूचना है। डूबने वालों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और SDRF की टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हुई। फिलहाल तीनों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार अभी तीन लोगों के डूबने की जानकारी सामने आई है।
डिंडौरी में बारिश के चलते स्कूलों और आंगनवाड़ी बंद
डिंडौरी में लगातार बारिश को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आज जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया है. हालांकि, स्कूलों में शिक्षक और शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहेंगे. आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भी केंद्रों पर उपस्थित रहेंगी. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है.
बैतूल में गणेश पंडाल में कॉलेज छात्रा की मौत
बैतूल में गणेश प्रतिमा के दर्शन के दौरान कॉलेज छात्रा प्रतीक्षा वर्मा अचानक बेहोश होकर गिर गई. जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों और दोस्तों ने तेज डीजे साउंड को घटना से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं. प्रतीक्षा हृदय रोग से पीड़ित थी और जेएच कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी. पुलिस और डॉक्टरों के अनुसार, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी.
बिलासपुर में दो सगी बहनों की तबीयत बिगड़ी, एक की मौत
बिलासपुर के खैरा-लगरा गांव में जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. 13 वर्षीय नीशू की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 6 वर्षीय तेजस्वनी का निजी अस्पताल में इलाज जारी है. दोनों के एक साथ बीमार पड़ने पर जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही है. मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी.
धमतरी में 26 सितंबर को भी स्कूल बंद
धमतरी जिले में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. इससे पहले 25 सितंबर को भी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी दी गई थी.
बिलासपुर में लगातार बारिश
बिलासपुर में लगातार बारिश से अरपा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. दोमुहानी एनीकट में चेतावनी के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर मछली पकड़ते नजर आए. वहीं, झमाझम बारिश से तापमान 6 डिग्री तक गिर गया और सितंबर में नवंबर जैसी ठंड महसूस हुई. अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.7 डिग्री कम है. शहर में अब तक 997.4 मिमी बारिश हो चुकी है.
खपरगंज विवाद का मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस ने खपरगंज विवाद और पत्थरबाजी मामले के प्रमुख आरोपी रामसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है. वह माकरी कुठार गांव में अपने दोस्त के घर छिपा था. मामले में अब तक दोनों पक्षों से 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस रामसिंह की भूमिका और अन्य आरोपियों को लेकर जांच कर रही है.