केंद्र सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी मंदीप के भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के तहत आने वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने इस नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. मंदीप के भंडारी (IAS, AGMUT: 2001 बैच) को भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव स्तर के रैंक और वेतनमान पर इस पद पर तैनात किया गया है, जिसके लिए पद को अस्थायी रूप से अपग्रेड किया गया है.
OSM विवाद के बीच अहम जिम्मेदारी
यह नियुक्ति ऐसे समय पर सामने आई है जब कुछ महीने पहले ही CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर काफी विवाद देखने को मिला था. डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया, सिस्टम की सुरक्षा और टेंडर से जुड़ी खरीद प्रक्रिया पर छात्रों और विभिन्न हलकों से कई तरह के सवाल और शिकायतें सामने आई थीं. ऐसे संवेदनशील दौर में बोर्ड की साख को मजबूत करने और मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की एक बड़ी चुनौती नए चेयरपर्सन के सामने होगी, ताकि छात्रों का विश्वास और अधिक पुख्ता किया जा सके.
कैबिनेट समिति ने मंजूर किए 10 वरिष्ठ अफसरों के तबादले
कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) के आदेश के अनुसार, देश के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कुल 10 वरिष्ठ IAS और अन्य सेवाओं के अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों पर मुहर लगाई गई है. इस फेरबदल में शिक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, कृषि मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया गया है.
अन्य प्रमुख नियुक्तियों पर एक नजर
• विपिन कुमार (IAS, 1996 बैच) को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष पद से हटाकर ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है.
• श्रीकांत नागुलपल्ली (IAS, 1998 बैच) को हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय से स्थानांतरित कर वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
• अंकिता मिश्रा भंडूला (IAS, 2001 बैच) को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय से स्थानांतरित कर शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है.
• पीयूष सिंह (IAS, 2000 बैच) को जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय जल मिशन का नया मिशन निदेशक बनाया गया है.
शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत उच्च शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा दोनों ही मोर्चों पर सरकार प्रशासनिक कसावट लाने का प्रयास कर रही है. मंदीप के भंडारी के अनुभव का लाभ CBSE को शैक्षणिक सुधार और तकनीकी सुरक्षा के मामलों में मिलने की पूरी उम्मीद है.