पटना: बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है. राज्य को एक साथ दो तरफ से बारिश का असर झेलना पड़ रहा है. एक ओर नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश से उत्तर बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से बने चक्रवाती सिस्टम का असर भी बिहार के कई जिलों में दिखाई दे रहा है. इसके कारण कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. बता दें कि, नेपाल में अगले चार दिनों के लिए बारिश का हाई अलर्ट जारी किया गया है. नेपाल के कई इलाकों में लोगों को माइकिंग के जरिए सावधान किया जा रहा है. खासकर निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है. नेपाल में भारी बारिश का सीधा असर बिहार की नदियों पर पड़ सकता है.
गंडक बराज पर निगरानी तेज
गंडक नदी को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर निगरानी तेज कर दी गई है. अधिकारियों की नजर नदी के जलस्तर और पानी के बहाव पर है. नेपाल में बारिश बढ़ने पर गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है. इससे उत्तर बिहार के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है. इधर, बंगाल की खाड़ी से बने चक्रवाती सिस्टम का असर गोपालगंज में भी दिख रहा है.
बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट
गोपालगंज जिले में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने की सूचना है. कुछ जगहों पर बिजली के खंभे गिरने की भी खबर है. इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है. गोपालगंज में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री तक पहुंच गया है. बिहार के कई शहरों में तापमान करीब 6 डिग्री तक नीचे आया है. कई जिलों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है.
बिहार के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बिहार के लगभग सभी हिस्सों में बारिश की गतिविधि बनी रह सकती है. उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है. उत्तर मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी अधिकांश जगहों पर बारिश हो सकती है. बाद के दौर में अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
उत्तर पूर्व बिहार के इलाकों में बारिश
उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी मौसम सक्रिय रहेगा. यहां पहले अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है. बाद में कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है. दक्षिण पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में भी अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है.
लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत
दक्षिण मध्य बिहार में पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में बारिश हो सकती है. वहीं दक्षिण पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी बारिश की संभावना बनी हुई है. इस तरह बिहार में फिलहाल मौसम की दोहरी मार देखने को मिल रही है. नेपाल की भारी बारिश से नदियों में पानी बढ़ने का खतरा है. वहीं बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी है. ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है.