Last Updated:
Muzaffarpur News: बिहार पुलिस ने नाबालिग बच्चियों से देह व्यापार कराने वाले गिरोह को अरेस्ट किया. उनके कब्जे से दो नाबालिग बच्चियों को बचाया गया. बताया जा रहा है कि हरदिया मेले से बच्ची को बहला-फुसलाकर आरोपी अपने साथ ले गए. उसके बाद उसे मुजफ्फरपुर से पटना भेजा गया. पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. साथ ही एक अन्य नाबालिग को भी बरामद किया गया.
7 लोग गिरफ्तार, 2 नाबालिग बरामद की गईं.
मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया. हरदिया मेला से गायब हुई नाबालिग बच्ची को पटना में बरामद किया गया. बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया था. इसके बाद उसे मुजफ्फरपुर लाकर कथित तौर पर अवैध देह व्यापार में धकेल दिया गया और कुछ दिनों बाद पटना भेज दिया गया. मामले में पुलिस ने महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक दूसरी नाबालिग बच्ची को भी बंधक से मुक्त कराया है.
मामला कथैया थाना क्षेत्र का है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हरदिया मेला से बच्ची के गायब होने के बाद उसके अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम बनाई गई. टीम में कथैया थाने की पुलिस को भी शामिल किया गया था. पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मिले इनपुट के आधार पर पटना के रामकृष्ण नगर इलाके में छापेमारी की. यहां से अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस ने मौके से मामले में शामिल आरोपियों को भी गिरफ्तार किया.
महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि बच्ची को पहले मुजफ्फरपुर लाया गया था. पुलिस के अनुसार, यहां उसे कथित तौर पर अवैध देह व्यापार में धकेला गया. कुछ दिनों बाद उसे पटना भेज दिया गया था. बच्ची से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर में भी कई जगह छापेमारी की. पटना के रामकृष्ण नगर से पुलिस ने बिट्टू कुमार, शमीता कुमारी, सुजीत कुमार और मकान मालिक गिरिजा यादव को गिरफ्तार किया. इसके बाद मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अनीता कुमारी, आशीष कुमार और भूषण झा को गिरफ्तार किया गया.
छापेमारी में दूसरी नाबालिग भी मिली
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ में बच्ची को बंधक बनाकर अवैध देह व्यापार कराने से जुड़े तथ्य सामने आए हैं. अब पुलिस इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. जांच के दौरान पुलिस को एक दूसरी नाबालिग बच्ची के बारे में भी जानकारी मिली. छापेमारी कर पुलिस ने उसे भी बंधक से मुक्त कराया. अब पुलिस यह पता लगा रही है कि दूसरी बच्ची को वहां किस तरह लाया गया था और इस पूरे नेटवर्क में उसकी क्या स्थिति थी. पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कुछ मकान मालिक मौके से फरार मिले हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.