Last Updated:
MBBS Intern Docters Stipend: छत्तीसगढ़ में MBBS इंटर्न डॉक्टर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है, जब राज्य सरकार ने उनका स्टाइपेंड बढ़ाने का फैसला किया है. बताया जा रहा है कि अब उन्हें हर महीने 25000 रुपए मिलेंगे. इससे राज्य में इंटर्न डॉक्टर्स के लिए खुशी की लहर दौड़ गई है.
छत्तीसगढ़ में इंटर्न डॉक्टर्स का बढ़ा स्टाइपेंड (AI तस्वीर)
रिपोर्ट-आकाश शुक्ला
Chhattisgarh MBBS Intern Docters Stipend: छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में रात-दिन मरीजों की सेवा में जुटे रहने वाले जूनियर डॉक्टरों (MBBS इंटर्न) के लिए बेहद राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर मुखर रहे और हड़ताल तक करने वाले डॉक्टर्स की जीत हुई है. अगस्त के महीने में इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात की थी, तब उन्होंने स्टाइपेंड बढ़ाने की बात कही थी और विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर्स को मांगों को सही बताया था.
इंटर्न डॉक्टर्स को हर महीने मिलेंगे 25000 रुपए
अब छत्तीसगढ़ सरकार ने इंटर्न MBBS डॉक्टर्स के स्टाइपेंड बढ़ाने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है. अब राजकीय मेडिकल कॉलेजों के MBBS इंटर्न को हर महीने 25000 का स्टाइपेंड दिया जाएगा. इस आदेश को वित्त विभाग से भी हरी झंडी मिल चुकी है. यह नया आदेश 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा. यानी अगले महीने से ही जूनियर डॉक्टरों की जेब में बढ़ा हुआ स्टाइपेंड आने लगेगा.
जब सरकार ने पहले स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन दिया था, तब IMA-MSN और इंटर्न डॉक्टरों के संघ ने फैसला लिया था कि वे सरकार के इस कदम का सम्मान करते हुए 30 अगस्त तक अपने प्रस्तावित आंदोलन और प्रदर्शन को स्थगित रख रहे हैं.
इंटर्न डॉक्टर्स ने किया था विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि राज्य के अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था काफी हद तक इन्हीं जूनियर डॉक्टरों के कंधों पर टिकी होती है. स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने आंदोलन किया था और विरोध प्रदर्शन भी किया था. अब सरकार ने उनकी मांगों को मानते हुए स्टाइपेंड बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. सरकार के इस कदम से डॉक्टरों के चेहरे पर खुशी खिल गई है और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर मंडरा रहा हड़ताल का संकट भी टल गया है.