Last Updated:
UP Police Constable Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कांस्टेबल के 32,679 पदों के लिए फिजिकल एलिजिबिलिटी टेस्ट (पीईटी) की तिथियों ऐलान कर दिया है. लिखित परीक्षा और डीवी-पीएसटी में सफल रहे अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार अब खत्म हो चुका है. बोर्ड के अनुसार, पीईटी का आयोजन 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि मेरठ, गाजियाबाद और मुरादाबाद में अधिक अभ्यर्थियों के चलते यह प्रक्रिया 8 अक्टूबर तक चलेगी. पुरुष उम्मीदवारों को 25 मिनट में 4.8 किमी और महिलाओं को 14 मिनट में 2.4 किमी दौड़ना होगा. एडमिट कार्ड एक हफ्ते पहले जारी होंगे.
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 की फिजिकल टेस्ट की तारीख आ गई है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कांस्टेबल और समान पदों की सीधी भर्ती-2025 के फिजिकल टेस्ट की तारीख का ऐलान कर दिया है. महीनों से खाकी वर्दी पहनने का सपना संजोए बैठे लाखों अभ्यर्थियों के लिए अब मैदान में उतरकर अपना दमखम दिखाने का वक्त आ गया है. लिखित परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और शारीरिक मानक परीक्षण पास कर चुके अभ्यर्थियों का अंतिम चयन अब उनकी शारीरिक फिटनेस पर निर्भर करेगा. कुल 32,679 पदों पर होने वाली यह भर्ती हाल के वर्षों की सबसे बड़ी पुलिस भर्तियों में शुमार है.
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, फिजिकल टेस्ट 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जो 7 अक्टूबर तक चलेगी. हालांकि, मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में अभ्यर्थियों की भारी तादाद और केंद्रों पर दबाव को देखते हुए वहां यह परीक्षा एक दिन अतिरिक्त यानी 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी. बोर्ड ने अन्य सभी जिलों के लिए रिजर्व-डे 7 अक्टूबर रखा है, जबकि मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद के लिए 8 अक्टूबर को रिजर्व-डे तय किया गया है.
किन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका और क्या हैं मानक?
इस भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को कराई गई थी, जिसका परिणाम नॉर्मलाइजेशन और आरक्षण नियमों के आधार पर 31 जुलाई 2026 को घोषित हुआ था. इसके बाद डीवी-पीएसटी में सफल या औपबंधिक रूप से सफल घोषित उम्मीदवारों को ही अब पीईटी के लिए बुलाया गया है.
फिजिकल टेस्टके कड़े नियम तय हैं. पुरुष अभ्यर्थियों को 25 मिनट के भीतर 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी. वहीं, महिला अभ्यर्थियों के लिए 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर दौड़ना अनिवार्य रखा गया है. जो अभ्यर्थी तय समय में दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, वे भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे.
एडमिट कार्ड और जरूरी निर्देश
फिजिकल टेस्टके प्रवेश पत्र परीक्षा शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे. एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी के परीक्षा केंद्र, दौड़ की तिथि और रिपोर्टिंग समय का पूरा विवरण दर्ज होगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और अभी से ग्राउंड पर रोजाना दौड़ का कड़ा अभ्यास शुरू कर दें, ताकि ऐन वक्त पर किसी मुश्किल का सामना न करना पड़े.