Mahadev Betting App Case: CBI ने किंगपिन अभिषेक कुमार को पकड़ा, कैसे बनाई अकूत संपत्ति? अब होगा खुलासा

Mahadev Betting App Case: CBI ने किंगपिन अभिषेक कुमार को पकड़ा, कैसे बनाई अकूत संपत्ति? अब होगा खुलासा


Last Updated:

Mahadev Online Betting App: महादेव बेटिंग ऐप में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है, जब अभिषेक कुमार को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी को रायपुर की अदालत में पेश किया गया है और इसके बाद सीबीआई को कस्टडी मिल गई है. अब CBI यह पता लगाने में जुटी हुई है कि उसने अवैध कमाई किस तरह से की है और इसमें उनके साथ कौन-कौन से लोग शामिल थे.

Zoom

महादेव बेटिंग ऐप केस में सीबीआई ने अभिषेक कुमार को पकड़ा

Mahadev Online Betting App: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी और कथित किंगपिन अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है. CBI के मुताबिक दुबई से भारत लौटते ही उसे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया है. जांच में अभिषेक कुमार की ऑनलाइन बेटिंग और जुआ संचालन, पैनल से तालमेल, रकम जुटाने और कथित अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल करने में सक्रिय भूमिका सामने आई है.

सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ काम करने का आरोप
CBI के अनुसार गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में अभिषेक कुमार के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद और जब्त की गई. जांच एजेंसी का कहना है कि जब्त सामग्री महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी सक्रिय भूमिका की ओर इशारा करती है. अभिषेक कुमार मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था.

CBI की कस्टडी में रहेगा आरोपी
गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां CBI को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली. इसके बाद आरोपी को रायपुर ले जाकर अदालत में पेश किया गया. रायपुर कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर CBI को सौंप दिया.

अवैध कमाई और संपत्तियों की भी जांच
जांच का एक प्रमुख पहलू बेटिंग और जुए से कथित तौर पर अर्जित रकम का पता लगाना भी है. CBI के अनुसार अभिषेक कुमार की भूमिका रकम जुटाने, अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल करने के मामले में भी सामने आई है. एजेंसी अन्य फरार आरोपियों और कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने में जुटी है.

100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट हो चुकी दाखिल
महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR CBI को ट्रांसफर की थीं. CBI ने इन मामलों को अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की. एजेंसी के मुताबिक अब तक इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं.

इन आरोपियों में महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटर, पैनल संचालक, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ लोक सेवक शामिल हैं. फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है.

मुख्य आरोपियों को भारत लाने की हो रही कोशिश
CBI के मुताबिक महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटरों को मुकदमे का सामना करने के लिए भारत वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं. अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और वापस लाने के 2 प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं. दो आरोपियों के खिलाफ वापस लाने की कार्रवाई भी चल रही है.



Source link