नई दिल्ली. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से आठ मैचों की रोमांचक व्हाइट-बॉल सीरीज का आगाज होने जा रहा है. भारतीय सरजमीं पर खेली जाने वाली इस सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है. हालांकि, अगर आप इस सीरीज के मुकाबलों को लाइव देखने की योजना बना रहे हैं, तो आपको मैच की टाइमिंग और टेलीकास्ट प्लेटफॉर्म में हुए बदलावों पर ध्यान देना होगा.
हाल में भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की घरेलू टी-20 सीरीज खेली गई थी. उस सीरीज का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर हुआ था, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड पर की गई थी. लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज में यह पूरा प्लेटफॉर्म बदल गया है. अब टीवी पर इन मैचों का लुत्फ उठाने के लिए दर्शकों को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर जाना होगा. वहीं, मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जिओहॉटस्टार के ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. प्रसारण प्लेटफॉर्म के साथ-साथ मुकाबलों के समय में भी अंतर रहेगा. सीरीज के तीनों वनडे मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे, जिसके लिए टॉस मैच से ठीक आधे घंटे पहले यानी दोपहर 1:00 बजे किया जाएगा. वहीं, पांचों टी-20 मुकाबले शाम 7:00 बजे से खेले जाएंगे और इनका टॉस शाम 6:30 बजे होगा.
भारतीय टीम का लक्ष्य और अलग-अलग कप्तान
आगामी न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले भारतीय टीम अपने घरेलू मैदानों पर वेस्टइंडीज का पूरी तरह सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. इस सीरीज के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने वनडे और टी-20 के लिए अलग-अलग कप्तानों पर भरोसा जताया है. वनडे सीरीज में युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल भारतीय टीम की अगुआई करेंगे, जबकि टी-20 सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर संभालेंगे. दूसरी तरफ, वेस्टइंडीज की कमान वनडे और टी-20 दोनों ही फॉर्मेट में उनके अनुभवी खिलाड़ी शाई होप के हाथों में होगी.
वनडे सीरीज का कारवां और टीम संयोजन
आठ मैचों की यह सीरीज 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले वनडे मुकाबले के साथ शुरू होगी. इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में तीसरा और अंतिम वनडे मैच आयोजित होगा.
विराट-रोहित वनडे में होंगे मुख्य आकर्षण का का केंद्र
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है. टीम में कप्तान शुभमन गिल के अलावा रोहित शर्मा (Rohit Sharma), विराट कोहली (Virat Kohli), ऋतुराज गायकवाड़, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर जैसे मजबूत बल्लेबाज शामिल हैं. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी उप-कप्तान केएल राहुल और ध्रुव जुरेल के कंधों पर होगी. ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी को मौका दिया गया है. गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार और अकीब नबी करेंगे.
वनडे में वेस्टइंडीज की टीम बेहद बैलेंस है
वेस्टइंडीज की वनडे टीम भी संतुलित नजर आ रही है. कप्तान शाई होप के साथ टीम में ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कासी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स और आमिर जांगू शामिल हैं. टीम की गेंदबाजी और ऑलराउंड विभाग की कमान अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जेडेन सील्स के पास होगी.
टी-20 सीरीज का रोमांच और नया जोश
वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद 6 अक्टूबर से पांच मैचों की टी-20 सीरीज का रोमांच शुरू होगा. पहला टी-20 मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टी-20 मैच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में, तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में, चौथा मैच 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में और पांचवां व अंतिम टी-20 मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा.
टी-20 फॉर्मेट में दिखेगा वैभव सूर्यवंशी का जलवा
टी-20 फॉर्मेट के लिए भारतीय टीम बेहद आक्रामक नजर आ रही है. कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ उप-कप्तान तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और शिवम दुबे बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देंगे. विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन और संजू सैमसन दोनों को शामिल किया गया है. स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई की जोड़ी कमाल दिखाएगी, जबकि तेज गेंदबाजी का जिम्मा अर्शदीप सिंह, मयंक यादव, प्रिंस यादव और नितीश कुमार रेड्डी पर होगा.
वेस्टइंडीज की टी-20 टीम में विस्फोटक खिलाड़ियों की भरमार
वेस्टइंडीज की टी-20 टीम में विस्फोटक खिलाड़ियों की भरमार है. शाई होप की कप्तानी में खेलने उतर रही इस टीम में शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड और कीमो पॉल जैसे पावर-हिटर्स मौजूद हैं. इनके अलावा टीम में ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कामिल पूरन, क्वेंटिन सैमसन और शमार स्प्रिंगर को स्थान मिला है.