Share Market Today: एशियाई बाजार चढ़े, ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर के पास, आज किन ग्लोबल फैक्टर्स पर रखें नजर

Share Market Today: एशियाई बाजार चढ़े, ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर के पास, आज किन ग्लोबल फैक्टर्स पर रखें नजर


भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत फ्लैट होने के संकेत मिल रहे हैं. सुबह 7:30 बजे गिफ्ट निफ्टी करीब 14 अंक चढ़कर 23,348 के आसपास कारोबार कर रहा है. इससे संकेत मिल रहा है कि सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत पॉजिटिव हो सकती है. हालांकि, दिनभर बाजार की दिशा ग्लोबल संकेतों और निवेशकों की खरीद-बिक्री पर निर्भर करेगी.

गुरुवार को भी सेंसेक्स 21.86 अंक की मामूली गिरावट के साथ 74,314.59 पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 53 अंक यानी 0.23 फीसदी की बढ़त के साथ 23,270.60 पर पहुंच गया था. अब शुक्रवार को निवेशकों की नजर एशियाई बाजारों, कच्चे तेल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और बाकि ग्लोबल फैक्टर्स पर रहने वाली है.

एशियाई बाजारों में तेजी

शुक्रवार को ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है. निक्केई करीब 0.48 फीसदी ऊपर है, जबकि कोस्पी में 1.94 फीसदी की मजबूत बढ़त है. ताइवान इंडेक्स भी 1.08 फीसदी चढ़ा है. हेंगसेंग में करीब 0.93 फीसदी और शंघाई इंडेक्स में 0.46 फीसदी की बढ़त देखने को मिल रही है. एशियाई बाजारों का यह पॉजिटिव रुख भारतीय शेयर बाजार के लिए शुरुआती कारोबार में सपोर्ट दे सकता है.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार को नरमी बनी हुई है. ब्रेंट क्रूड करीब 0.92 फीसदी गिरकर 103 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है. तेल की कीमतों में कमी भारत जैसे बड़े इंपोर्टर देश के लिए जरूरी है, क्योंकि इससे आयात लागत और महंगाई पर दबाव कम होने की संभावना रहती है. डॉलर इंडेक्स में भी मामूली 0.02 फीसदी की गिरावट आई है. वहीं, भारतीय रुपया गुरुवार को 95.94 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.

अमेरिकी बाजारों में भी मजबूत तेजी

अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को अच्छी बढ़त देखने को मिली. डाउ जोन्स 0.61 फीसदी चढ़ा, जबकि S&P 500 में 1.14 फीसदी की तेजी रही. टेक्नोलॉजी शेयरों वाले नैस्डेक में 1.69 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई.

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में भी गिरावट आई. 10 साल की अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 7 बेसिस पॉइंट से ज्यादा गिरकर 4.93 फीसदी पर आ गई. बाजार की नजर अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले और आगे ब्याज दरों को लेकर संकेतों पर बनी हुई है.

DII ने की खरीदारी

घरेलू बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रही. 17 सितंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने कैश मार्केट में 3,208.76 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) 3,617.75 करोड़ रुपये के नेट बायर रहे.

गुरुवार को इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में सबसे ज्यादा 3.97 फीसदी की तेजी रही. एविएशन शेयरों में 2.57 फीसदी और इंश्योरेंस शेयरों में 2.41 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई. टाटा ग्रुप के शेयरों में भी कुल मिलाकर 0.93 फीसदी की तेजी रही. शुक्रवार को बाजार को मजबूत एशियाई संकेत और कच्चे तेल की नरमी से शुरुआती सपोर्ट मिल सकता है. हालांकि, FII की लगातार बिकवाली और ग्लोबल ब्याज दरों से जुड़े संकेत बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ा सकते हैं.



Source link