नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले सियासी संदेश, मोदी के साथ पोस्टर में ‘सुशासन बाबू’; समझें सियासी मायने

नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले सियासी संदेश, मोदी के साथ पोस्टर में ‘सुशासन बाबू’; समझें सियासी मायने


पटना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में NDA की एकजुटता दिखाने की कवायद तेज हो गई है. पटना से लेकर वैशाली तक जगह-जगह बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों के जरिए बीजेपी और जेडीयू समेत NDA के पांचों घटक दलों ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है. खास बात यह है कि पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ठीक बगल में नीतीश कुमार की तस्वीर लगाई गई है. इसे बिहार NDA की राजनीति के लिहाज से अहम संदेश माना जा रहा है.

दरअसल, पिछले कुछ दिनों में ऐसे कई मौके आए, जब बीजेपी और जेडीयू के बीच सब कुछ ठीक नहीं होने की चर्चाएं सामने आईं. सहयोगी दलों के बीच बयानबाजी से लेकर चुनावी नतीजों के बाद पैदा हुए विवाद तक, कई घटनाओं ने गठबंधन के अंदरूनी समीकरणों को चर्चा में ला दिया था. ऐसे में प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले पोस्टरों के जरिए एकजुटता दिखाने की कोशिश को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

भारत तिवारी एनकाउंटर से शुरू हुई थी सहयोगियों के बीच चर्चा

बीजेपी और जेडीयू के बीच दूरी की चर्चा उस वक्त शुरू हुई, जब भोजपुर में भारत तिवारी एनकाउंटर का मामला सामने आया था. इस मामले को लेकर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कड़ा बयान दिया था. इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक और प्रशासनिक समन्वय को लेकर सवाल उठने लगे थे.

MLC चुनाव के बाद भी बढ़ी थी तल्खी

विधान परिषद चुनाव के दौरान भी NDA के भीतर मतभेद की चर्चा तेज हुई थी. जेडीयू के दो उम्मीदवारों ने आरोप लगाया था कि सहयोगी दल, खासकर बीजेपी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी मदद नहीं की. चुनाव परिणाम आने के बाद यह मामला और गर्मा गया, जब बीजेपी के समर्थन से जीतने वाले दो निर्दलीय MLC बीजेपी में शामिल होने पहुंचे. इस घटनाक्रम ने जेडीयू और बीजेपी के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी थी.

छठ घाट पर नीतीश की तस्वीर नहीं होने से भी उठे थे सवाल

दोनों दलों के बीच असहजता का एक और मामला छठ पूजा के दौरान सामने आया. छठ घाटों पर लगाए गए पोस्टरों में नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं दिखने को लेकर जेडीयू में नाराजगी की चर्चा हुई थी. इस घटना के बाद भी NDA के भीतर समन्वय को लेकर सवाल उठे थे.

नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले बदले राजनीतिक संदेश के मायने

इन तमाम घटनाओं के बीच एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया. बिहार सरकार की पहल पर गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करेंगे.

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले पटना और वैशाली में लगाए गए पोस्टरों में नरेंद्र मोदी के ठीक बगल में नीतीश कुमार की तस्वीर दिखाई दे रही है. इसके साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संजय झा, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, संतोष मांझी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं. NDA के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों को भी पोस्टर में जगह दी गई है.

NDA के लिए क्यों स्पेशल हैं नीतीश कुमार?

नीतीश कुमार भले ही अब बिहार के मुख्यमंत्री नहीं हैं, लेकिन NDA की राजनीति में उनकी भूमिका और राजनीतिक पहचान अब भी महत्वपूर्ण बनी हुई है. करीब दो दशक तक बिहार की सत्ता का नेतृत्व करने वाले नीतीश कुमार को ‘सुशासन बाबू’ के नाम से जाना जाता है. बीजेपी के साथ उनका पुराना गठबंधन और जेडीयू का अपना राजनीतिक आधार NDA के लिए अहम है. यही वजह है कि हाल के दिनों में सहयोगी दलों के बीच मतभेद की चर्चाओं के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर में नीतीश कुमार को उनके ठीक बगल में जगह दी गई है. नीतीश सेतु का नामकरण भी उनके राजनीतिक महत्व को रेखांकित करता है. ऐसे में साफ है कि बिहार में सत्ता का नेतृत्व बदलने के बावजूद NDA के सियासी संदेश और गठबंधन की तस्वीर में नीतीश कुमार की मौजूदगी अहम बनी हुई है.

पोस्टरों के जरिए NDA का बड़ा संदेश

राजनीतिक जानकारों की नजर में इन पोस्टरों का महत्व सिर्फ प्रधानमंत्री के स्वागत तक सीमित नहीं है. हाल के दिनों में गठबंधन के भीतर सामने आई असहजता की चर्चाओं के बीच नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री के ठीक बगल में जगह देना एक सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. इसके जरिए यह दिखाने की कोशिश है कि बिहार में सत्ता के नए नेतृत्व के बावजूद NDA अपने पुराने सहयोगियों को साथ लेकर चल रहा है.

अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान मंच पर NDA के सभी प्रमुख नेता किस अंदाज में एक साथ नजर आते हैं. फिलहाल पटना से वैशाली तक लगे पोस्टर यही संदेश दे रहे हैं कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले गठबंधन अपनी एकजुटता दिखाने में जुटा है.



Source link