Last Updated:
रूस गए सोहन पाल के अपहरण और चार हजार डॉलर की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. बहन ने पीएम मोदी और सीएम योगी से भाई को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है.
रूप में लापता सोहन पाल और उनकी बहन खुशबू पाल.
‘भाई का पता बताना है तो चार हजार डॉलर दो और अगर कोई कार्रवाई की या मेरे पास किसी का कॉल आया तो सिर काट दूंगा’. यह धमकी पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर की रहने वाली खुशबू पाल के भाई सोहन पाल को लेकर आई है. नौकरी का झांसा देकर दोस्तों के बहकावे में रूस भेजे गए सोहन से संपर्क टूटने और टेलीग्राम पर इस तरह के धमकी भरे मैसेज आने के बाद परिवार दहशत में है. भाई की सलामती के लिए परेशान बहन का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाई को सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगा रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में खुशबू पाल ने बताया कि उनका भाई सोहन पाल शताब्दी रोड स्टेडियम के पास अपना खुद का गैराज और धुलाई सेंटर चलाता था. आरोप है कि सोहन के तीन दोस्तों, रोमी पाल, राहुल और एक अन्य साथी जो वर्तमान में मुंबई में है के बहकावे में आकर सोहन टूरिस्ट वीजा पर 11 अक्टूबर को घर से निकला और 15 अक्टूबर को रूस पहुंच गया. खुशबू का आरोप है कि चार नवंबर से भाई से संपर्क टूटने के बाद वह कानपुर प्रशासन और दिल्ली स्थित रूसी दूतावास तक गुहार लगा चुकी हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या निष्कर्ष नहीं निकला है.
19 दिनों तक वीडियो कॉल पर हुई बात
मीडिया से बातचीत में खुशबू ने बताया कि रूस पहुंचने के बाद 15 अक्टूबर से लेकर करीब 19 दिनों तक सोहन की घरवालों से ऑडियो और वीडियो कॉल पर लगातार बात होती रही. उसने बताया था कि वहां उसे ड्राइविंग का काम मिल गया है और वह खुश है. दिवाली पर घर आने को पूछने पर सोहन ने कहा था कि वह दिवाली पर तो नहीं आ पाएगा लेकिन 8 नवंबर को उसकी फ्लाइट है और वह 11 नवंबर को भैया दूज वाले दिन सुबह 7:00 बजे तक कानपुर पहुंच जाएगा. लेकिन 4 नवंबर से अचानक उसका फोन बंद हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया. अभी तक इतने दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं है. इसी बीच आरोपी रोमी पाल के खाते से सोहन के खाते में 46 हजार रुपये भी डाले गए जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है.
परिजनों के मुताबिक सोहन से संपर्क टूटने के बाद टेलीग्राम पर सतोशी नाकामोटो नाम की एक आईडी से बातचीत के दौरान धमकी भरे मैसेज सामने आए हैं. चैट में मैसेज भेजने वाले शख्स ने शर्त रखी है कि वह 4000 डॉलर देने पर ही सोहन के बारे में जानकारी देगा. साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि एम्बेसी को कॉल किया गया या किसी ने संपर्क करने की कोशिश की या कोई कार्रवाई हुई तो सोहन का सिर काट दिया जाएगा या उसे युद्ध और जेल में भेज दिया जाएगा. वीडियो वायरल होने के बाद अब यह मामला चर्चा में आ गया है. अनहोनी की आशंका पर परिवार ने अब देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से वीडियो वायरल कर सोहन की सुरक्षित घर वापसी की मांग की है.