‘भगवान भरोसे’ आरा का सदर अस्पताल, इमरजेंसी में तक बेड नहीं, कुर्सी पर बैठाकर ही चढ़ा दी ड्रिप

‘भगवान भरोसे’ आरा का सदर अस्पताल, इमरजेंसी में तक बेड नहीं, कुर्सी पर बैठाकर ही चढ़ा दी ड्रिप


Last Updated:

Bihar News: आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों को बेड तक नहीं मिल रहा है. 19 साल की छात्रा से लेकर 80 साल की बुजुर्ग महिला तक को कुर्सी पर बैठाकर ड्रिप चढ़ाई जा रही है. मरीजों के परिवार ने अस्पताल मैनेजमेंट और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए.

Zoom

मरीजों को कुर्सी पर ड्रिप लगाई गई.

आराः बिहार के आरा से बदहाल अस्पताल की तस्वीर सामने आई. मॉडल सदर अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में मरीजों को बेड तक नहीं मिल रहा है. हालात ऐसे हैं कि 19 साल की छात्रा से लेकर 80 साल की बुजुर्ग महिला तक को कुर्सी पर बैठाकर पानी चढ़ाया जा रहा है. गुरुवार की रात करीब 10:40 बजे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कई मरीज इसी हालत में नजर आए. परिवार ने अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ पर अनदेखी और समय पर इलाज नहीं करने का आरोप लगाया.

चार घंटे तक दर्द से परेशान रही छात्रा
अनईठ की रहने वाली 19 साल की भारती कुमारी पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी. भारती के मुताबिक, वह करीब चार घंटे तक अस्पताल में रही, लेकिन उसे बेड नहीं मिला. दर्द से परेशान होकर वह रोती रही और मदद की गुहार लगाती रही. इसके बावजूद समय पर उसकी सुध नहीं ली गई. बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे कुर्सी पर बैठाकर पानी चढ़ाना शुरू किया.

80 साल की बुजुर्ग को भी नहीं मिला बेड
अस्पताल में चरखंभा गली के रहने वाले 80 वर्षीय केशपति देवी की हालत भी ऐसी ही थी. उन्हें भी इमरजेंसी वार्ड में बेड नहीं मिला. मजबूरी में कुर्सी पर बैठाकर उन्हें पानी चढ़ाया जा रहा था. इसके अलावा दो-तीन अन्य मरीज भी कुर्सियों पर बैठकर या लेटकर इलाज कराते दिखे. इमरजेंसी वार्ड की इन तस्वीरों ने अस्पताल की व्यवस्था की पोल खोल दी.

परिवार ने नर्सिंग स्टाफ पर लगाए आरोप
भारती के भाई रवि कुमार ने बताया कि उनकी बहन करीब चार घंटे से अस्पताल में परेशान थी. इस दौरान किसी कर्मचारी ने उसकी सुध नहीं ली. जब उसकी बेचैनी बढ़ी और उसने आवाज उठाई, तब स्वास्थ्यकर्मी पहुंचे. इसके बाद कुर्सी पर ही इलाज शुरू किया गया. उन्होंने अस्पताल में बेड की कमी और कर्मचारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई. वहीं, समाजसेवी अनूप कुमार सिंह ने भी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बेड की कमी के कारण मरीजों को परेशानी होती है. कई बार मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है. उन्होंने एक महिला मरीज का उदाहरण देते हुए बताया कि ब्लड चढ़ाने के लिए भी बेड नहीं मिला.



Source link