नई दिल्ली (How to Score 90% in Board Exams). 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. सीबीएसई, आईसीएसई, आईएससी, यूपी बोर्ड, बिहार बोर्ड, राजस्थान बोर्ड और एमपी बोर्ड समेत कई राज्यों ने डेटशीट जारी कर दी है. नवंबर का महीना चल रहा है.. यानी अब तैयारी को फाइनल टच देने के लिए सिर्फ 3 महीने का वक्त बचा है. अक्सर स्टूडेंट्स दिन-रात किताबों में तो खोए रहते हैं. लेकिन सही स्ट्रैटेजी न होने के कारण टॉपर लिस्ट में जगह बनाने से चूक जाते हैं.
बोर्ड परीक्षा 2027 में 90% से ज्यादा मार्क्स कैसे हासिल करें?
अक्सर स्टूडेंट्स समझते हैं कि बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से ज्यादा मार्क्स लाने के लिए दिन-रात पढ़ाई करना जरूरी है. कुछ बच्चे तो 2-3 महीने के लिए सोशल मीडिया, आउटिंग और हॉबीज से भी दूरी बना लेते हैं. क्या आप जानते हैं कि बोर्ड परीक्षा में टॉप करने के लिए ऐसे त्याग करने की कोई जरूरत नहीं है? अपने हार्ड वर्क को स्मार्ट वर्क में बदलकर भी आप अपना लक्ष्य हासिल कर सकते हैं.
1- भटकें नहीं, NCERT को ही मानें गीता
आखिरी समय में नई रेफरेंस बुक्स और गाइड खरीदने की गलती न करें. बोर्ड परीक्षा में 85 से 90% सवाल सीधे NCERT या बोर्ड की तय किताबों के कॉन्सेप्ट और उदाहरणों से ही पूछे जाते हैं. इसलिए हर चैप्टर की एक-एक लाइन और बॉक्स में दी गई जानकारियां अच्छी तरह से समझें.
2- पढ़ने के बाद किताब बंद कर लिखने की आदत डालें
सिर्फ आंखों से पढ़ते जाने से दिमाग चीजें जल्दी भूल जाता है. पढ़ते समय छोटे बुलेट पॉइंट्स, फॉर्मूला शीट और फ्लोचार्ट बनाएं. एक टॉपिक पूरा होते ही किताब बंद करें और बिना देखे उसे रफ कॉपी पर लिखने या दोहराने की कोशिश करें. इससे परीक्षा हॉल में उत्तर भूलने की समस्या खत्म हो जाती है.
3- पिछले 10 साल के पेपर (PYQs) खोलेंगे सफलता का राज
पिछले 5 से 10 वर्षों के प्रश्नपत्र और बोर्ड की तरफ से जारी ऑफिशियल सैंपल पेपर जरूर हल करें. इससे समझने में आसानी होगी कि किस चैप्टर से सबसे ज्यादा नंबर के सवाल आते हैं और बोर्ड सवालों को किस तरह घुमाकर पूछता है. इससे आपकी तैयारी पक्की होगी.
4- कॉपी ऐसी लिखें कि टीचर नंबर देने पर मजबूर हो जाएं
बोर्ड परीक्षा में इस बात के भी नंबर होते हैं कि आप अपनी बात को कॉपी पर कैसे प्रेजेंट करते हैं:
- हमेशा लंबे पैराग्राफ के बजाय पॉइंट्स और सबहेड्स में उत्तर लिखें.
- मुख्य शब्दों (Keywords) और तारीखों को पेंसिल या काले पेन से अंडरलाइन करें.
- साइंस और ज्योग्राफी जैसे विषयों में साफ-सुथरे और लेबल किए हुए डायग्राम जरूर बनाएं.
5. सोशल मीडिया से ब्रेक और ’50-10′ का नियम
अगले 3 महीनों के लिए इंस्टाग्राम, रील्स और बेवजह के नोटिफिकेशन से दूरी बना लें. पढ़ाई के लिए 50-10 तकनीक अपनाएं- यानी 50 मिनट पूरी एकाग्रता से पढ़ें और फिर 10 मिनट का ब्रेक लें. साथ ही दिमाग को रिफ्रेश रखने के लिए रोजाना 6 से 7 घंटे की अच्छी नींद जरूर लें.
अगले 3 महीनों का मास्टर स्टडी प्लान
- पहला महीना (सिलेबस पूरा करें): बचे हुए चैप्टर्स और कठिन विषयों को रोजाना 3 से 4 घंटे दें. साथ ही आसान विषयों को 1 से 2 घंटे रिवाइज करते रहें.
- दूसरा महीना (सिर्फ रिवीजन): इस महीने कोई नया टॉपिक शुरू न करें. अपने बनाए शॉर्ट नोट्स से रिवीजन करें और हर चैप्टर के पुराने सवाल (PYQs) हल करें.
- तीसरा महीना (एग्जाम मोड प्रैक्टिस): आखिरी 30 दिनों में हर एक दिन छोड़कर ठीक उसी समय पर बैठकर एक फुल सैंपल पेपर हल करें, जिस समय आपकी असली बोर्ड परीक्षा होनी है. अपनी गलतियां सुधारें और फॉर्मूले रिवाइज करें.