चीन में पुतिन से यूक्रेन का सौदा कर आए ट्रंप? यूरोप को फोन पर हड़काया
Last Updated:
चीन के शेनझेन में पुतिन और जिनपिंग से मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से यूक्रेन को आर्थिक मदद देना बंद करने की अपील की. द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने फोन पर यूरोप से कहा कि वह यूक्रेन पर पैसा खर्च करने के बजाय अपने शांति प्रस्ताव पर ध्यान दे. यह मांग रूस के राष्ट्रपति पुतिन लंबे समय से करते रहे हैं.
ट्रंप और पुतिन में हुई मीटिंग. Reuters
Russia Ukraine War News: यूक्रेन में रूस के हमलों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप के नेताओं से ऐसा कदम उठाने को कहा है, जिससे कीव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. चीन के शेनझेन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप ने गुरुवार को यूरोपीय नेताओं को फोन किया. आरोप है कि इस बातचीत में उन्होंने यूरोप से यूक्रेन को दी जा रही आर्थिक मदद बंद करने और अपना पैसा बचाने की बात कही. यह वही मांग है जिसे रूस के राष्ट्रपति पुतिन लंबे समय से उठाते रहे हैं.
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने बर्लिन में जुटे यूरोपीय नेताओं को गुस्से में फोन किया. ये नेता यूक्रेन के समर्थन में बने ‘कोएलिशन ऑफ द विलिंग’ की बैठक कर रहे थे. अखबार से बातचीत में दो सूत्रों ने दावा किया कि ट्रंप ने फोन पर यूरोपीय नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने कहा कि यूक्रेन को आर्थिक मदद देने के बजाय यूरोप को उनके शांति प्रस्ताव पर ध्यान देना चाहिए. एक तीसरे सूत्र के मुताबिक, ट्रंप ने इस बात पर भी जोर दिया कि यूक्रेन की मदद बंद करने से यूरोपीय देशों का कितना पैसा बचेगा. हालांकि, ट्रंप के शांति प्रस्ताव को लेकर अब तक पुतिन की तरफ से सहमति नहीं मिली है. ट्रंप के कई प्रस्तावों में रूस की अहम मांगें शामिल रही हैं, लेकिन पुतिन ने उन्हें भी ठुकरा दिया है.
यूक्रेन के लिए 70 अरब यूरो जुटाने की चुनौती
ट्रंप का यह रुख ऐसे समय आया है, जब यूरोपीय संघ (EU) और यूक्रेन के दूसरे सहयोगी देश साल 2027 के लिए करीब 70 अरब यूरो की आर्थिक कमी पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं. यूक्रेन को युद्ध जारी रखने और देश की व्यवस्था चलाने के लिए इस पैसे की जरूरत है. अगर यूरोप ने आर्थिक मदद रोक दी, तो यूक्रेन पर दबाव बढ़ सकता है. युद्ध के बीच कीव के लिए हथियारों के साथ-साथ सरकारी खर्च, जरूरी सेवाओं और देश की अर्थव्यवस्था को संभालना भी बड़ी चुनौती है. ऐसे में ट्रंप की अपील यूरोप और यूक्रेन के रिश्तों के साथ-साथ रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों की रणनीति पर भी सवाल खड़े करती है.
पुतिन से मुलाकात के बाद बदला ट्रंप का रुख?
ट्रंप का यह कदम इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इससे पहले भी शी जिनपिंग या पुतिन से मुलाकात के बाद वह चीन और रूस की मांगों से मिलती-जुलती बातें करते रहे हैं. रिपोर्ट में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का भी जिक्र है. दावा है कि शी जिनपिंग से बातचीत के बाद ट्रंप ने उन्हें ताइवान को लेकर चीन की योजनाओं का विरोध करने पर फटकार लगाई थी. शेनझेन में ट्रंप ने पुतिन के साथ पहले से तय कार्यक्रम के अलावा अलग से बातचीत भी की. ट्रंप ने कहा कि बैठक में कई शानदार मुद्दों पर बात हुई. वहीं, पुतिन ने मुलाकात को उम्मीद से भी बेहतर बताया.
इस मुलाकात और तीनों नेताओं की शिखर बैठक को कई जगह ‘याल्टा 2.0’ कहा जा रहा है. इसकी वजह 1945 की याल्टा कॉन्फ्रेंस से इसकी तुलना है. उस बैठक में तत्कालीन सोवियत संघ और पश्चिमी देशों ने यूरोप के भविष्य को लेकर बड़े फैसले किए थे. अब आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया के अलग-अलग इलाकों में अपने प्रभाव का दायरा तय करने की कोशिश कर रहे हैं.