Last Updated:
Supaul News: सुपौल के पिपरा में तीन दिनों में आठ लोगों की मौत से हड़कंप मच है. अब वार्ड नंबर-9 के दीपो मुखिया की मौत पर परिवार ने पड़ोस की महिला पर जहरीली शराब पिलाने का आरोप लगाया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. हालांकि, मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पिपरा में जहरीली शराब से आठ मौतें.
सुपौलः बिहार के सुपौल जिले के पिपरा में तीन दिनों के भीतर आठ लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मचा गया. लगातार हो रही मौतों के बीच अब पिपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-9 में एक और व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने पड़ोस की एक महिला पर जहरीली शराब पिलाने का आरोप लगाया. हालांकि, अब तक जहरीली शराब से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
मृतक की पहचान पिपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-9 निवासी दीपो मुखिया के रूप में की गई. परिवार के मुताबिक, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद परिवार के लोग उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दीपो मुखिया की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है.
जहरीली शराब पिलाने का आरोप
दीपो मुखिया की मौत के बाद उनके परिवार ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक की पत्नी लीला देवी और बेटे नीतीश कुमार का आरोप है कि महिला ने दीपो मुखिया को जहरीली शराब पिलाई थी. मृतक के परिजनों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, परिजनों के आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है. जहरीली शराब पिलाने की बात की पुष्टि नहीं हुई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. घटना को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.
तीन दिनों में आठ मौतों से उठ रहे सवाल
पिपरा में तीन दिनों के भीतर आठ लोगों की मौत की खबर से स्थानीय लोग चिंतित हैं. लगातार सामने आ रही मौतों के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. अब दीपो मुखिया की मौत को लेकर भी जहरीली शराब का आरोप लगाया गया.