नैनीताल माल रोड के ऊपरी इलाकों में बदल रहा पहाड़ियों का स्वरूप, बंद हुए पुराने नाले और पेड़ों का झुकना दे रहा बड़े संकेत

नैनीताल माल रोड के ऊपरी इलाकों में बदल रहा पहाड़ियों का स्वरूप, बंद हुए पुराने नाले और पेड़ों का झुकना दे रहा बड़े संकेत


नैनीताल: उत्तराखंड का नैनीताल अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, हरे-भरे जंगलों और प्राकृतिक जल स्रोतों के लिए जानी जाती है, लेकिन अब शहर की प्राकृतिक संरचना पर बढ़ता मानवीय दबाव चिंता का कारण बन रहा है. खासतौर पर माल रोड के ठीक ऊपर स्थित पहाड़ियों का स्वरूप धीरे-धीरे बदल रहा है. पहाड़ी पर बढ़ते निर्माण, लगातार बढ़ता भार और जल निकासी व्यवस्था से छेड़छाड़ के कारण पर्यावरणविदों ने चिंता जताई है. उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस नीति नहीं बनाई गई तो भविष्य में नैनीताल को गंभीर पर्यावरणीय और भूगर्भीय चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है.

नैनीताल निवासी पर्यावरणविद् एवं पद्मश्री अनूप साह ने माल रोड के ऊपर स्थित पहाड़ियों में हो रहे बदलावों पर चिंता जाहिर की है. उनके अनुसार, करीब 20 साल पहले जब वह इन पहाड़ियों पर जाया करते थे, तब यहां काफी हरियाली देखने को मिलती थी. हालांकि, उस समय भी पहाड़ी के प्राकृतिक स्वरूप में बदलाव के शुरुआती संकेत दिखाई देने लगे थे. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में निर्माण गतिविधियों और मानवीय हस्तक्षेप के चलते स्थिति में और परिवर्तन आया है.

भूवैज्ञानिकों ने पहले ही किया था आगाह

अनूप साह बताते हैं कि उनका बचपन नैनीताल में बीता है. बचपन में वह प्रसिद्ध भूवैज्ञानिक डॉ. वल्दिया के साथ शहर की पहाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों में घूमने जाया करते थे. उस दौरान उन्होंने पहाड़ों में पड़ने वाली दरारों और भूगर्भीय बदलावों को करीब से देखा था. डॉ. वल्दिया भी नैनीताल की संवेदनशील भौगोलिक स्थिति को लेकर चिंता जताया करते थे. अनूप साह के मुताबिक, नैनीताल की भूगर्भीय संवेदनशीलता को लेकर पहले भी कई बार आगाह किया जा चुका है. उनका कहना है कि यदि शहर में 7 से 8 तीव्रता का भूकंप आता है तो यहां बड़े स्तर पर तबाही हो सकती है. ऐसे में शहर की पहाड़ियों पर अनियंत्रित निर्माण और बढ़ते भार को नजरअंदाज करना भविष्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.

माल रोड के ऊपर निर्माण से बढ़ा पहाड़ी पर दबाव

पर्यावरणविद् अनूप साह का कहना है कि माल रोड के ठीक ऊपर काफी निर्माण हो चुका है. इससे पहाड़ी पर लगातार दबाव बढ़ रहा है. उनका मानना है कि माल रोड पर दिखाई देने वाली दरारों को भी गंभीरता से देखने की जरूरत है. गौरतलब है कि इससे पहले लोअर माल रोड का एक हिस्सा टूटकर नैनीझील में समा गया था. इसके बाद संबंधित हिस्से में ट्रीटमेंट का कार्य कराया गया था. उन्होंने बताया कि माल रोड के ऊपर स्थित सुख निवास की पहाड़ी में भी धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है. पहाड़ी पर मौजूद पेड़ों का झुकना इसकी ओर संकेत करता है. उनके अनुसार, पहाड़ियों का प्राकृतिक संतुलन प्रभावित होने और उन पर लगातार भार बढ़ने से ऐसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं. हालांकि, इन बदलावों के वास्तविक कारणों और जोखिम का आकलन तकनीकी सर्वेक्षण के आधार पर किया जाना जरूरी है.

पहाड़ी के पुराने नाले हुए बंद

अनूप साह ने पहाड़ियों की प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है. उनका कहना है कि पहले पहाड़ियों से पानी की निकासी के लिए कई प्राकृतिक नाले मौजूद थे, लेकिन समय के साथ इन नालों के ऊपर निर्माण कर दिया गया. कई नाले बंद हो चुके हैं या जाम पड़े हैं. इससे बारिश के दौरान पानी की प्राकृतिक निकासी प्रभावित हो सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक जल निकासी का अपना महत्व होता है. जब पानी के पुराने रास्ते बंद हो जाते हैं तो बारिश का पानी दूसरी जगहों से निकलने का रास्ता तलाशता है. इससे जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ने और भू-स्खलन जैसी समस्याओं का खतरा पैदा हो सकता है. ऐसे में पुराने नालों की पहचान कर उन्हें दोबारा सुचारु करने की जरूरत है.

झील में दिखाई नहीं देते ग्रैंड होटल के नीचे लगे पुराने पिलर

अनूप साह ने नैनीझील और आसपास की पहाड़ियों में समय के साथ हुए बदलावों का जिक्र करते हुए बताया कि पहले ग्रैंड होटल के नीचे झील में लाइट के पिलर दिखाई देते थे, लेकिन अब वे पिलर नजर नहीं आते. उनके अनुसार, शहर की पहाड़ियों और झील के आसपास होने वाले बदलावों को एक व्यापक दृष्टिकोण से देखने की जरूरत है. पहाड़ियों पर लगातार बढ़ता लोड और प्राकृतिक संरचना में हो रहे परिवर्तन चिंता का विषय हैं.

माल रोड के लिए बने ठोस पॉलिसी, नियमित मॉनिटरिंग की जरूरत

अनूप साह का कहना है कि पहले नैनीताल की पहाड़ियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाती थी, लेकिन अब उस स्तर पर निगरानी दिखाई नहीं देती. माल रोड का ट्रीटमेंट जरूर कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद दरारें दिखाई देना चिंता का विषय है. केवल दरारों की मरम्मत या किसी एक स्थान पर ट्रीटमेंट कराना स्थायी समाधान नहीं हो सकता. उन्होंने माल रोड और उससे लगी पहाड़ियों के लिए एक व्यापक और ठोस नीति बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया. इसमें निर्माण गतिविधियों को नियंत्रित करने, पुराने प्राकृतिक नालों को चिह्नित कर खोलने, पहाड़ियों की नियमित भूगर्भीय निगरानी और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने जैसे विषयों को शामिल किया जाना चाहिए.



Source link