Last Updated:
अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर धार्मिक मेले के पावन अवसर पर पुष्कर के जगतपिता ब्रह्मा मंदिर को देशी-विदेशी रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप में सजाया गया। फूलों की मनमोहक सजावट से मंदिर परिसर में अद्भुत आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। धार्मिक मेले का समापन 24 नवंबर को होगा ।
अजमेर. देवउठनी एकादशी एवं अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर धार्मिक मेले के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी पुष्कर के जगतपिता ब्रह्मा मंदिर को देशी-विदेशी रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप में सजाया गया. फूलों की मनमोहक सजावट से मंदिर परिसर में अद्भुत आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला. आकर्षक फूल बंगले में विराजमान जगतपिता ब्रह्माजी का दिव्य एवं मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा.
मंदिर में सजे गुलाब, गेंदा और विभिन्न रंगों के खूबसूरत फूलों ने अलौकिक छटा बिखेर दी. देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर ब्रह्माजी के दर्शन करने के लिए सुबह से ही देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने फूल बंगले की सुंदरता को निहारा और ब्रह्माजी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. धार्मिक मेले के उल्लास के बीच पुष्कर की भक्ति और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला.
24 नवंबर को होगा समापन
देवप्रबोधनी एकादशी के साथ आज से तीर्थराज पुष्कर का सालाना धार्मिक मेले का भी आगाज हो गया है. सुबह ब्रह्म मुहूर्त में ब्रह्मा सरोवर में पहला पंच तीर्थ स्थान शुरू हुआ. पंच तीर्थ स्नान के लिए देशभर से श्रद्धालुओं की आवक भी शुरू हो गई है. कार्तिक शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के महा स्नान के साथ होगा.
ब्रह्मा जी सहित 33 कोटी देवी देवताओं का निवास रहता है
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक ब्रह्मा जी सहित 33 कोटी देवी देवताओं का ब्रह्मा सरोवर में निवास रहता है. इस दौरान सरोवर में स्नान करने से श्रद्धालुओं को अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है. पंचतीर्थ स्नान को पंच भीष्म स्नान भी कहा जाता है.