‘हम सैंडपेपर नहीं, बोतल के ढक्कन इस्तेमाल करते थे’, शोएब अख्तर का बड़ा खुलासा
Last Updated:
Shoaib Akhtar statement: शोएब अख्तर ने खुलासा किया है कि उनके खेलने के दिनों में पाकिस्तान के खिलाड़ी गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए सैंडपेपर नहीं, बल्कि बोतल के ढक्कन का इस्तेमाल करते थे. साथ ही उन्होंने 2018 के ऑस्ट्रेलियाई बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा के हालिया दावों का भी समर्थन किया है.
शोएब अख्तर ने किया बड़ा खुलासा.
नई दिल्ली. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है. अख्तर का कहना है कि उनके खेलने के दिनों में पाकिस्तान की टीम गेंद की हालत बदलने के लिए सैंडपेपर नहीं, बल्कि बोतल के ढक्कन का इस्तेमाल करती थी. उन्होंने उस्मान ख्वाजा के इस दावे का भी समर्थन किया है कि ऑस्ट्रेलिया का सैंडपेपर कांड केवल तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहा होगा.
‘पूरी टीम को पता होता था कि क्या हो रहा है’
शोएब अख्तर ने विजडन के पॉडकास्ट ‘द स्कूप’ में बातचीत के दौरान यह खुलासा किया. उन्होंने कहा कि गेंद की हालत बदलने जैसी चीजें किसी एक या दो खिलाड़ियों के स्तर पर नहीं होतीं, बल्कि टीम के बाकी सदस्यों को भी इसकी जानकारी होती है. अख्तर ने बताया, ‘इंग्लैंड में खेलने के दौरान उनकी टीम बोतल के ढक्कनों से गेंद की स्थिति बदलती थी.’ उन्होंने कहा, ‘उस समय गेंद के साथ कई तरह की चीजें की जाती थीं. रिवर्स स्विंग हासिल करना टीम के लिए बेहद जरूरी होता था और अगर गेंद रिवर्स स्विंग नहीं करती, तो मैच जीतना मुश्किल हो जाता था.’
अख्तर ने यह भी कहा कि उस्मान ख्वाजा ने जो बात कही है, उसमें दम है. अख्तर का कहना है कि गेंद से छेड़छाड़ जैसा फैसला केवल कुछ खिलाड़ियों का निजी फैसला नहीं हो सकता. ड्रेसिंग रूम में इस तरह की गतिविधियों की जानकारी पूरी टीम को रहती है.
ख्वाजा ने सैंडपेपर कांड पर उठाए थे सवाल
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ में 2018 के सैंडपेपर विवाद को लेकर कई अहम बातें कही हैं. उन्होंने दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उस टेस्ट मैच में गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को जानकारी थी. ख्वाजा की बात का समर्थन करते हुए अख्तर ने कहा कि टीम में इस तरह का काम कुछ खिलाड़ियों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता.
हालांकि, उन्होंने इस विवाद को दोबारा उठाए जाने के समय पर सवाल भी किया. अख्तर का मानना है कि सच सामने आ चुका है, इसलिए अब इस मामले को जरूरत से ज्यादा खींचने का कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि ख्वाजा ने सही बात कही, लेकिन इसे सामने लाने का समय बेहतर हो सकता था.
खुद गेंद से छेड़छाड़ के लिए झेल चुके हैं सजा
शोएब अख्तर का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि वह खुद गेंद से छेड़छाड़ के मामले में सजा भुगत चुके हैं. साल 2003 में उन पर गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था. इसके बाद उन्हें दो वनडे मैचों के लिए बैन किया गया था और मैच फीस का 75 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया था.