Last Updated:
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने शातिर अपराधी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया. उस पर चार दिन में दरभंगा और सीतामढ़ी में लूट और फायरिंग की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है. उसका एक साथी फरार हो गया. बताया जा रहा है कि तीन जिलों की पुलिस उसे तलाश कर रही थी. लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ रहा था.
मुजफ्फरपुर में शातिर अपराधी को पकड़ा गया.
मुजफ्फरपुरः बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. मुजफ्फरपुर पुलिस ने तीन जिलों के लिए सिरदर्द बने शातिर अपराधी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसे जजुआर ओपी क्षेत्र से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और बाइक के साथ पकड़ा है. आरोपी पर दरभंगा और सीतामढ़ी में लूट और फायरिंग के मामले दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक, उसने महज चार दिन पहले दोनों जिलों में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था. इस कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया.
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा
मुजफ्फरपुर के जजुआर ओपी क्षेत्र में पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस टीम को शक हुआ तो उसने दोनों का पीछा किया. इस दौरान एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीतामढ़ी जिले के बोखरा थाना क्षेत्र निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई है. पुलिस ने कटरा थाने में मामला दर्ज कर लिया है.
फाइनेंस कर्मी से लूट और सीतामढ़ी में फायरिंग
एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि गिरफ्तार सुजीत अंतरजिला गैंग का सक्रिय सदस्य है. पूछताछ में उसने अपने साथी रौशन के साथ मिलकर दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र के मलिकपुर में एक फाइनेंस कर्मी से लूट की बात स्वीकार की है. इसके अलावा सीतामढ़ी के बोखरा में लूट के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने की बात भी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, सुजीत का आपराधिक इतिहास रहा है. वह सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और दरभंगा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था.
फरार साथी की तलाश में छापेमारी
पुलिस अब फरार आरोपी रौशन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. साथ ही गिरफ्तार सुजीत के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और दूसरे जिलों में हुई वारदातों से इसका क्या संबंध है.