Khatu Shyam Birthday on devuthani ekadashi 2026 today | देवउठनी एकादशी पर ही क्यों मनाया जाता है बाबा खाटू श्याम का जन्मदिन? जानें ‘शीश के दानी’ की अद

Khatu Shyam Birthday on devuthani ekadashi 2026 today | देवउठनी एकादशी पर ही क्यों मनाया जाता है बाबा खाटू श्याम का जन्मदिन? जानें ‘शीश के दानी’ की अद


होमताजा खबरधर्म

देवउठनी एकादशी पर ही क्यों मनाया जाता है बाबा खाटू श्याम का जन्मदिन? जानें कथा

Last Updated:

Khatu Shyam Janmotsav 2026: देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव बहुत धूमधाम से मनाया जाता है. महाभारत काल के वीर योद्धा बर्बरीक को भगवान श्रीकृष्ण के एक वरदान के कारण ही कलयुग में खाटू श्याम के रूप में पूजा जाता है. आइए जानते हैं उस पौराणिक वरदान की कहानी और इस दिन के महत्व के बारे में, जिसके चलते देशभर में उनके जन्मोत्सव पर विशेष उत्सव आयोजित किए जाते हैं.

Zoom

Khatu Shyam Birthday 2026: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी का व्रत किया जाता है और इसी शुभ दिन पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते भी है. लेकिन राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में इस दिन का महत्व और भी खास हो जाता है. यहां देवउठनी एकादशी को बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने और जन्मदिन की खुशियां मनाने खाटू धाम पहुंचते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बाबा श्याम का जन्मदिन इसी दिन क्यों मनाया जाता है? दरअसल, इसके पीछे धार्मिक आस्था, पौराणिक मान्यताओं और महाभारत काल से जुड़ी कथा का विशेष महत्व माना जाता है.

भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र
धार्मिक मान्यता के अनुसार, बाबा खाटू श्याम को महाभारत के महान योद्धा बर्बरीक के रूप में जाना जाता है. वे महाबली भीम के पौत्र और घटोत्कच व माता अहिलावती (मोरवी) के पुत्र थे. बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को वचन दिया था कि वे युद्ध में हमेशा हारने वाले पक्ष का साथ देंगे. उनकी वीरता और तीन अमोघ बाणों की शक्ति से भगवान श्रीकृष्ण भी प्रभावित थे. श्रीकृष्ण के कहने पर महाभारत युद्ध के दौरान बर्बरीक ने धर्म की रक्षा के लिए बिना किसी संकोच के अपना शीश दान कर दिया था. बर्बरीक की इस अद्भुत भक्ति और बलिदान से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें वरदान दिया कि कलियुग में वे उनके नाम श्याम से पूजे जाएंगे और हारे हुए लोगों का सहारा बनेंगे. इसी मान्यता के कारण बर्बरीक को खाटू श्याम बाबा के नाम से जाना जाता है.

एकादशी से बाबा के प्राकट्य का संबंध
लोक मान्यताओं के अनुसार, राजस्थान के खाटू गांव में कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के दिन बाबा श्याम का शीश प्रकट हुआ था. कहा जाता है कि इसी दिन बाबा का शीश खाटू धाम के मंदिर में विराजमान किया गया था. बाद में राजा रूपसिंह चौहान को स्वप्न में बाबा ने मंदिर निर्माण का संकेत दिया. इसके बाद खाटू धाम में मंदिर का निर्माण कराया गया और बाबा की पूजा-अर्चना शुरू हुई. इसी धार्मिक मान्यता के चलते देवउठनी एकादशी को बाबा खाटू श्याम का प्राकट्य दिवस यानी जन्मोत्सव माना जाता है.

जन्मोत्सव पर खाटू धाम में उमड़ता है भक्तों का सैलाब
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर खाटू नगरी का नजारा देखते ही बनता है. मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया जाता है. बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाता है और उन्हें छप्पन भोग सहित तरह-तरह के पकवान अर्पित किए जाते हैं. भक्त निशान यात्रा निकालते हैं और हाथों में बाबा का निशान लेकर जयकारे लगाते हुए खाटू धाम पहुंचते हैं. पूरी नगरी श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठती है. जगह-जगह भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं.

इस तरह देवउठनी एकादशी केवल भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का पर्व ही नहीं, बल्कि श्याम भक्तों के लिए अपने आराध्य के प्राकट्य उत्सव का भी विशेष अवसर है. यही वजह है कि हर साल इस पावन तिथि पर लाखों श्रद्धालु खाटू धाम पहुंचकर बाबा का जन्मोत्सव मनाते हैं और श्रद्धा से एक ही जयकारा लगाते हैं ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’



Source link