सऊदी का एयर डिफेंस धरा रह गया, हूतियों का रियाद टावर पर हमला, एयरपोर्ट से लेकर तेल ठिकाने तक दहले

सऊदी का एयर डिफेंस धरा रह गया, हूतियों का रियाद टावर पर हमला, एयरपोर्ट से लेकर तेल ठिकाने तक दहले


Last Updated:

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं. रियाद और दम्माम समेत कई एयरपोर्ट को निशाना बनाने का दावा किया गया है. तेल की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन, रिफाइनरी और सरकारी तेल कंपनी अरामको की इमारतों पर भी हमले की बात कही गई है. 19 नवंबर को पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड की एक इमारत को नुकसान पहुंचा.

Zoom

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में एक ऊंची इमारत पर मिसाइल हमले की खबर आई. इस हमले में सऊदी अरब के सरकारी वेल्थ फंड यानी पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) की इमारत को नुकसान पहुंचा. आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आईं. सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, इस हमले में किसी की जान नहीं गई और कोई घायल भी नहीं हुआ. सरकारी मीडिया की ओर से जारी तस्वीरों में जिस इमारत को दिखाया गया है, वह PIF टावर है. यह सऊदी अरब के सरकारी निवेश फंड का हेडक्वार्टर है और रियाद की सबसे ऊंची इमारत भी है. सऊदी सिविल डिफेंस ने कहा कि हूतियों के हमले से टावर और उसके पास की दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा है.

एयर डिफेंस धरे रह गए

हमले से पहले राजधानी में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी थी. इसके बाद सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि रियाद और देश के दक्षिणी हिस्से की ओर दागी गई मिसाइलों को रोकने की कोशिश की गई. गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि रियाद की ओर मिसाइल हमला हुआ था और सेना ने जवाबी कार्रवाई की. कुछ घंटे बाद उन्होंने एक और जानकारी दी. उनके मुताबिक, हूतियों की ओर से दक्षिणी इलाके की तरफ दागी गईं चार बैलिस्टिक मिसाइलों को एयर डिफेंस ने रोककर नष्ट कर दिया. यह इलाका यमन की सीमा से लगा हुआ है.

लेकिन रियाद में PIF टावर को नुकसान पहुंचने की खबर ने सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ गठबंधन मिसाइलों को रोकने का दावा कर रहा है, तो दूसरी तरफ राजधानी की अहम इमारत तक हमले की चपेट में आ गई. यानी एयर डिफेंस का पहरा होने के बाद भी सऊदी अरब के सबसे अहम शहर में नुकसान हुआ.

कई इलाकों में जारी हुए इमरजेंसी अलर्ट

सऊदी सिविल डिफेंस ने दक्षिण-पश्चिमी इलाके के खमिस मुशैत गवर्नरेट और अबहा शहर के लिए अलग-अलग चेतावनी जारी की थी. बाद में लोगों को बताया गया कि खतरा टल गया है. गुरुवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में कम से कम सात इमरजेंसी अलर्ट जारी किए गए. गठबंधन ने यह भी कहा कि उसने रियाद पर हमले की कोशिश में इस्तेमाल होने वाले एक बैलिस्टिक मिसाइल तबाह कर दिया है. बैलिस्टिक मिसाइल लंबी दूरी तक हमला करने वाला हथियार होती है, जिसे काफी ऊंचाई तक भेजकर टार्गेट की तरफ गिराया जाता है.



Source link