जबलपुर. मध्य प्रदेश में काफी दिनों बाद आंधी-बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. आज 20 नवंबर 2026 को प्रदेश के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का अनुमान है. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी बनी रहेगी. वहीं शेष जिलों में मौसम साफ रहेगा. एमपी में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है. ज्यादातर जिलों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के करीब 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा चुका है. अधिकतर जिलों में सुबह और रात में ठिठुरन महसूस होने लगी है.
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं वज्रपात और झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी जताया गया है. मौसम विभाग ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है. सावधानीपूर्वक यात्रा करने की हिदायत दी गई है. IMD की वेबसाइट पर मौसम का लेटेस्ट अपडेट देखकर ही यात्रा आदि प्लान करें.
सबसे ठंडा रहा करौंदी
पिछले 24 घंटों में कटनी जिले का करौंदी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा. यहां सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया. खास बात यह है कि राज्य के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी का तापमान भी शहरों से ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है.
तीन दिनों तक येलो अलर्ट
IMD के अनुसार, आज 20 नवंबर से लेकर 22 नवंबर तक पूर्वी और कुछ पश्चिमी जिलों के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इन जनपदों के लिए तीन दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया गया है. कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज रफ्तार हवा के साथ हल्की से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना बन रही है.
पहाड़ी इलाकों के मुकाबले शहरों में ज्यादा ठंड
गौरतलब है कि इस बार ठंड के मामले में मध्य प्रदेश के बड़े शहर पहाड़ी इलाकों को पीछे छोड़ रहे हैं. पिछले 24 घंटों में राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रात के पारे में गिरावट के साथ यह 9.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा. शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा शाजापुर के गिरवर में 9.1 डिग्री सेल्सियस, उमरिया में 9.2 डिग्री और रीवा में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट होगी. इसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी.
इन बातों का जरूर रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.
2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए एक निश्चित नींद का समय रखें और पर्याप्त आराम करें.
3. मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं. वहीं सुबह और शाम के वक्त गर्म कपड़े पहनें.
4. गर्म और धूप वाले मौसम में शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं.
5. क्षेत्र में सामान्य मौसम बने रहने के कारण दैनिक आवागमन, यात्रा और बाहरी कार्य सुरक्षित रूप से करें.
6. जल जनित और कीट जनित रोगों से बचाव के लिए सावधानी बरतें. फिल्टर या उबला हुआ पानी पिएं. मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए रुके हुए पानी को हटाएं, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा कम हो सके.
7. दिल संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को ठंड के मौसम में अपना विशेष ध्यान रखना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना रक्तचाप जांचें और हृदय स्वस्थ आहार का पालन करें.
8. भारत मौसम विज्ञान विभाग और आधिकारिक स्रोतों से मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.