Last Updated:
छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में प्रदेश को करीब 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं. इससे युवाओं को खूब फायदा होगा और करीब 20 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेंगे. सीएम ने कहा कि सरकार लगातार लोगों के हितों के लिए काम कर रही है और छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री प्रदेश में लगे इसके लिए सरकार माहौल तैयार कर रही है.
छत्तीसगढ़ में 20 हजार युवाओं के लिए खुलेगा नौकरी का पिटारा
छत्तीसगढ़ में नवा रायपुर में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-तीन’ कार्यक्रम से राज्य को खूब फायदा हुआ है. यहां से करीब एक लाख 7 हजार करोड़ के निवेश मिले हैं. इससे राज्य में लोगों को नौकरियां मिलने की संभावना बढ़ गई है. वहीं लगातार मिल रहे निवेश से एक बात तो तय है कि छत्तीसगढ़ एक नए आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहा है. बताया जा रहा है निवेश प्रस्तावों से करीब 20000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है.
सीएम ने निवेशकों को दिलाया मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास नीति के नए रिजल्ट सामने आ रहे हैं. नवा रायपुर में आयोजित इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 से प्रदेश को 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए. इन प्रस्तावित निवेशों से प्रदेश के लगभग 20 हजार युवाओं के लिए रोजगार मिलने की संभावना है. इसके सीएम ने निवेशकों को इन्विटेशन टू इन्वेस्ट लेटर सौंपे और प्रदेश में निवेश के प्रति उनके विश्वास का स्वागत किया. इसके अलावा उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए जरूरी संसाधन, बेहतर बुनियादी ढांचा, पर्याप्त बिजली-पानी और अनुकूल नीतिगत वातावरण मौजूद है. देश के मध्य में स्थित होने के कारण प्रदेश को बेहतर कनेक्टिविटी और बाजारों तक पहुंच का भी लाभ मिलता है. हमारी सरकार इन विशेषताओं को बड़े औद्योगिक निवेश, स्थानीय रोजगार और प्रदेश की आर्थिक समृद्धि में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है.
छत्तीसगढ़ को लगातार मिल रहे निवेश के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अगले महीने राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं. इस अवधि में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए अनेक अहम फैसले लिए गए हैं. नई औद्योगिक विकास नीति और देश-विदेश में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग डेढ़-दो सालों में प्रदेश को साढ़े आठ लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. प्रदेश में लगभग 60 इंडस्ट्री प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सिर्फ घोषणा ही नहीं कर रही, बल्कि काम भी कर रही है.
नक्सलवाद के खात्मे के बाद बदला बस्तर
विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में एक नया माहौल तैयार हुआ है. नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से परिस्थितियों में बदलाव आ रहा है. सुरक्षा बलों के साहस और संकल्प से यह संभव हुआ है. बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है. शांति और सुरक्षा का यह नया वातावरण बस्तर सहित पूरे प्रदेश में औद्योगिक निवेश की नई संभावनाएं पैदा कर रहा है. बस्तर के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे.