Last Updated:
मध्य प्रदेश के भोपाल से एक वीडियो वायरल है, जिसमें एक युवक कार की छत पर खड़ा हुआ है और उसके हाथ में बोतल है, जबकि कार गोल-गोल घूम रही है. कार के अंदर कोई भी ड्राइवर नजर नहीं आ रहा. साफ नजर आ रहा है कि युवक रोला जमाने और सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स बटोरने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रहा है. लेकिन न्यूज 18 इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
कार की छत पर खड़ा होकर झूम रहा युवक
मध्य प्रदेश के भोपाल से सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक सफेद कार अपने आप गोल-गोल घूम रही है. इसके दोनों अगले दरवाजे खुले हैं और ड्राइविंग सीट पूरी तरह खाली है. ऊपर छत पर एक युवक शान से खड़ा है और उसके हाथ में बोतल है, जबकि बैकग्राउंड में फिल्मी गाना बज रहा है. हम सा आशिक मिलेगा ना कोई. वहीं सड़क पर दूसरी गाड़ियां भी निकल रही हैं. लेकिन न्यूज 18 इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
मौत को दावत देने जैसा है वीडियो
सिर्फ 15 सेकंड के इस वायरल वीडियो को देखकर पहली नजर में कोई भी चौंक सकता है, लेकिन असलियत यह है कि ‘कूल’ दिखने और सोशल मीडिया पर लाइक्स बटोरने की यह जल्दबाजी सीधे मौत को दावत देने जैसी है. फिर भी युवक शान से खड़ा है, जैसे उसे खतरे, नियम और कायदे कानून का कोई डर नहीं है.
कार लगातार एक दायरे में घूमती रहती है और उसके दोनों दरवाजे खुले हुए हैं, जिससे संतुलन बिगड़ने का खतरा हर पल बना रहता है. ड्राइविंग सीट पर कोई नहीं है, यानी स्टीयरिंग या ब्रेक पर किसी का सीधा नियंत्रण नहीं दिखता. कार लगातार घूम रही है. इससे जरा सा संतुलन बिगड़ने या झटका लगने पर युवक नीचे गिर सकता है, या खुद उसी घूमती गाड़ी की चपेट में आ सकता है. कई लोगों ने वीडियो को पोस्ट को करते हुए एमपी पुलिस को टैग किया है और कार्रवाई करने की बात कही है.
दूसरों के लिए भी खतरा पैदा कर रहा युवक
आजकल सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए लोग बुनियादी सुरक्षा नियमों को ताक पर रख देते हैं. वीडियो में दिखता है कि आसपास दूसरे वाहन भी गुजर रहे हैं और अंधेरे में रोशनी की स्थिति भी सीमित है. ऐसे में इस तरह का स्टंट न सिर्फ स्टंट करने वाले की जान जोखिम में डालता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करता है.