समस्तीपुर. आज खेती में ट्रैक्टर, मशीनों, आधुनिक सिंचाई और मौसम की जानकारी देने वाले उपकरणों का इस्तेमाल आम हो गया है. किसान पहले प्रकृति के संकेतों से खेती की योजना बनाते थे. उस दौर में न मौसम का पूर्वानुमान बताने वाले आधुनिक यंत्र थे और न खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बिजली से चलने वाले पंप. अनुभव, स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान के सहारे खेती होती थी. ऋषि-मुनियों के समय की इसी कृषि परंपरा को समझाने के लिए समस्तीपुर में एमएससी के एक कृषि छात्र ने प्रयोगशाला में मॉडल तैयार किया है.
इसमें पुराने समय की खेती, सिंचाई, बीज संरक्षण, पशुपालन और मौसम का अनुमान लगाने की पद्धतियों को प्रदर्शित किया गया है. इसका उद्देश्य बताना है कि किसान प्रकृति के साथ तालमेल बैठाकर खेती कैसे करते थे. ये विधियां आज भी प्राकृतिक और टिकाऊ खेती के लिए उपयोगी सीख दे सकती हैं.
हवा, बादलों और पशु-पक्षियों से पहचानते थे मौसम
मॉडल की जानकारी देते हुए कृषि छात्र सौरभ ने बताया कि यह ‘कृषि पराशर’ थीम पर आधारित है, जिसमें प्राचीन कृषि व्यवस्था दिखाई गई है. पहले किसान हवा की दिशा, बादलों की बनावट और ग्रहों की स्थिति देखकर बारिश का अनुमान लगाते थे. पक्षियों और जानवरों के व्यवहार पर भी ध्यान दिया जाता था. पुरवइया हवा चलने या वातावरण में बदलाव महसूस होने पर किसान बारिश की संभावना समझते थे. उस समय डिजिटल उपकरण उपलब्ध नहीं थे, इसलिए प्रकृति ही संकेत देने का माध्यम थी.
सौरभ ने मॉडल में गौशाला की व्यवस्था भी दिखाई. उनके अनुसार, पुराने समय में पशुओं को पेड़ों के नीचे या प्राकृतिक छाया में रखा जाता था. पशुपालन खेती का अहम हिस्सा था, क्योंकि गाय का गोबर खेतों में खाद के रूप में इस्तेमाल होता था. सड़े-गले जैविक पदार्थ और गोबर से तैयार खाद मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद करती थी. इस तरह खेती, पशुपालन और प्रकृति एक-दूसरे से जुड़े रहते थे.
चकरी से सिंचाई और पारंपरिक तरीके से बीज संरक्षण
सौरभ ने सिंचाई की पुरानी तकनीक मॉडल के जरिए समझाई. उन्होंने चकरी वाली व्यवस्था दिखाई, जिसमें मवेशियों की मदद से चकरी घुमाई जाती थी और कुएं से पानी निकालकर खेतों तक पहुंचाया जाता था. इस तरीके से किसान बिना बिजली के सिंचाई करते थे. मॉडल में मटका विधि से सिंचाई और बीज भंडारण की व्यवस्था भी प्रदर्शित की गई है. सौरभ ने बताया कि किसान अगली फसल के लिए अच्छे बीज सुरक्षित रखते थे. पारंपरिक भंडारण का ध्यान रखा जाता था, ताकि बीजों में नमी और कीड़े न लगें तथा उनकी गुणवत्ता बनी रहे.
मॉडल में हल से खेत जोतने की पद्धति भी दिखाई गई है. बैलों की मदद से जमीन तैयार कर बीज बोए जाते थे. इस प्रस्तुति में छात्र ने समझाया कि सीमित संसाधनों के बावजूद पुराने किसान अनुभव और स्थानीय साधनों से खेती का प्रबंधन करते थे. खेती का तरीका बदल गया है, लेकिन जल संरक्षण, बीज बचाने, जैविक खाद और प्रकृति के संकेत समझने जैसी पुरानी सीख अब भी प्रासंगिक है.