Last Updated:
Meerut News: मेरठ के छात्रों ने वैज्ञानिक क्षेत्र में काफी कमाल किया है. कक्षा 11 में पढ़ने वाले वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी ने अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट से न सिर्फ मेरठ, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है. दोनों छात्रों ने सीवेज और खेतों से बहकर आने वाले प्रदूषित पानी को साफ करने के लिए कम लागत वाला और टिकाऊ वाटर फिल्ट्रेशन मॉडल तैयार किया है.
अनोखा आविष्कार
मेरठ: किसी बड़े बदलाव की शुरुआत एक छोटे से आइडिया से होती है और जब इस आइडिया को जुनून, मेहनत और कुछ नया करने का जज्बा मिल जाए तो सफलता की कहानी दुनिया तक पहुंच जाती है. मेरठ के दो होनहार छात्रों ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. कक्षा 11 में पढ़ने वाले वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी ने अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट से न सिर्फ मेरठ, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है.
देश के 24 राज्यों के करीब 15 हजार स्कूलों के 10 लाख विद्यार्थियों के बीच आयोजित चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवार्ड्स 2026 में मेरठ की टीम SPARC ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. दोनों छात्रों ने सीवेज और खेतों से बहकर आने वाले प्रदूषित पानी को साफ करने के लिए कम लागत वाला और टिकाऊ वाटर फिल्ट्रेशन मॉडल तैयार किया है.
मॉडल में ये अनोखी खासियत
इस मॉडल में जियोलाइट, फेरिक ऑक्साइड, बायोचार और टाइटेनियम डाइऑक्साइड जैसी सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है. इसकी खासियत है इसकी सेल्फ क्लीनिंग तकनीक, जिससे बार-बार फिल्टर की सफाई या बदलाव की जरूरत कम होती है. मुंबई के म्यूजियम ऑफ सॉल्यूशंस में आयोजित दो दिवसीय समिट में देशभर के शीर्ष 15 फाइनलिस्टों में जगह बनाने वाली टीम SPARC ने ‘प्रोटेक्ट एंड रिस्टोर नेचर’ श्रेणी में रनर-अप का खिताब हासिल किया.
वैज्ञानिकों के सहयोग से सपना साकार
इतना ही नहीं, प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के सामने भी दोनों छात्रों ने अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन किया. इस उपलब्धि पर टीम को 50 हजार रुपये की ग्रांट और प्रिंस विलियम के हस्ताक्षर वाला प्रमाण-पत्र मिला. ब्रेन्ज एडु वर्ल्ड के मेंटर विवेक भारद्वाज के मार्गदर्शन और चिल्लोरा गांव के सरपंच सहित वैज्ञानिकों के सहयोग ने इस सपने को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाई.
मेरठ के इन बच्चों ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं होती. छोटे शहरों के बच्चे भी अपने विचारों से दुनिया की बड़ी समस्याओं का समाधान दे सकते हैं. आज इनका सपना सिर्फ पुरस्कार जीतना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पानी और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करना है.