Last Updated:
PMEGP Loan Scheme In Sitamarhi: सीतामढ़ी में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 50 लाख और सर्विस सेक्टर में 20 लाख रुपये तक का लोन मिलेगा. यह योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी कम करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है. जानें पूरी प्रक्रिया.
PMEGP Loan Scheme In Sitamarhi: आप भी अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं? लेकिन पैसों की कमी आपके रास्ते में बाधा बन रही है. तो केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना आपके लिए मददगार साबित हो सकती है. सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) की इस योजना के तहत नए उद्यमियों को मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अधिकतम 50 लाख रुपये और सर्विस सेक्टर में 20 लाख रुपये तक की परियोजना स्थापित करने का अवसर मिलता है. इसके लिए बैंक ऋण और सरकारी सब्सिडी का प्रावधान है.
जानिए योजना का उद्देश्य
जिला उद्योग विभाग के MSME मित्र नोडल शुभम कुमार ने बताया कि PMEGP योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नए उद्योगों और व्यावसायिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देना है. इसके जरिए युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति अपनी क्षमता, रुचि और व्यवसाय की योजना के अनुसार उद्योग या सेवा आधारित इकाई स्थापित कर सकता है. एक व्यवसाय के माध्यम से उद्यमी खुद आत्मनिर्भर बन सकता है. दूसरे लोगों को भी रोजगार दे सकता है. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिलेगी.
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 50 लाख तक की परियोजना
शुभम कुमार के मुताबिक PMEGP योजना के तहत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नई उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए अधिकतम 50 लाख रुपये की परियोजना लागत निर्धारित है. इस क्षेत्र में वैसे व्यवसाय शामिल हैं, जिनमें किसी उत्पाद का निर्माण या प्रसंस्करण किया जाता है. इसके तहत स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योग, छोटी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और अन्य उत्पादन इकाइयां शुरू की जा सकती हैं. मशीनरी, उपकरण और कार्यस्थल की व्यवस्था के लिए परियोजना तैयार कर बैंक से वित्तीय सहायता ली जा सकती है. इससे युवाओं को अपना उद्योग शुरू करने का अवसर मिलता है.
सर्विस सेक्टर में 20 लाख तक की परियोजना
योजना के दूसरे हिस्से यानी सर्विस सेक्टर में अधिकतम 20 लाख रुपये की परियोजना लागत का प्रावधान है. इसमें ब्यूटी पार्लर, साइबर कैफे, ढाबा, रेस्टोरेंट और अन्य सेवा आधारित व्यवसाय शामिल हैं. शुभम कुमार ने बताया कि सर्विस सेक्टर में वैसे कारोबार आते हैं. जिनके माध्यम से लोगों को सीधे कोई सेवा या सुविधा दी जाती है. उदाहरण के तौर पर ब्यूटी पार्लर में सौंदर्य से जुड़ी सेवाएं, जबकि ढाबा और रेस्टोरेंट में भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. इसी तरह साइबर कैफे और दूसरी सेवा आधारित इकाइयां भी इस क्षेत्र में आती हैं.
लोन के लिए बैंक और सिबिल स्कोर की भूमिका
लोन की राशि को लेकर शुभम कुमार ने बताया कि यह आवेदक की परियोजना, जरूरत और बैंक की प्रक्रिया पर निर्भर करती है. व्यवसाय की प्रकृति के अनुसार 5 लाख या 10 लाख रुपये की परियोजना के लिए भी आवेदन किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि बैंक लोन स्वीकृत करने से पहले आवेदक की आर्थिक स्थिति, दस्तावेजों और क्रेडिट हिस्ट्री की जांच करते हैं. इसमें सिबिल स्कोर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. इसलिए आवेदन करने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखने और अपनी वित्तीय साख दुरुस्त रखने की जरूरत है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नौकरी की तलाश के साथ स्वरोजगार की संभावनाएं भी तलाशें. सही व्यवसाय योजना और वित्तीय सहायता के जरिए वे खुद आत्मनिर्भर बन सकते हैं. दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं.