किस तरह के गोल्ड में मिलाया जा रहा रेडियम, ज्वैलर से समझिए पूरा खेल

किस तरह के गोल्ड में मिलाया जा रहा रेडियम, ज्वैलर से समझिए पूरा खेल


Last Updated:

अगर आपके घर में शादी होने वाली है और आप सोने के जेवर खरीदने का सोच रहे हैं तो आपके लिए एक जरूरी खबर है. शादी-ब्याह के सीजन में सोने के गहने खरीदने वालों के लिए मिलावट का एक नया मामला चिंता बढ़ा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन से आने वाले रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है. गोल्ड एक्सपर्ट और 45 साल से सोने का कारोबार कर रहे योगेश सिंगला का कहना है कि सामान्य सर्राफा कारोबारी इस तरह की धोखाधड़ी नहीं करते, बल्कि स्मगलिंग के जरिए आने वाले सोने में ऐसी मिलावट की आशंका हो सकती है. उन्होंने इसपर खरीदारों को बड़ी चेतावनी भी दी है.

Zoom

कुछ लोग सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम नाम की भारी धातु का पाउडर मिला रहे हैं.

सोने में रेनियम पाउडर मिलाकर वजन बढ़ाने की खबर सामने आने के बाद ग्राहकों के मन में इसकी शुद्धता को लेकर सवाल उठ सकते हैं. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में मिलने वाले सभी सोने के गहनों में मिलावट हो रही है या हॉलमार्क वाले हर गहने पर शक किया जाए. रिपोर्ट्स में सामने आया मामला खास तरह से तैयार किए जा रहे मिलावटी सोने से जुड़ा है. इसमें चीन से मंगाए जा रहे रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है. ऐसे में यह समझना जरूरी है कि आखिर किस तरह के सोने में इस धातु का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है और सामान्य ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए. इस बारे में 45 साल से सोने का कारोबार कर रहे गोल्ड एक्सपर्ट और ज्वेलर योगेश सिंगला ने अपनी राय दी है.

क्या है रेनियम पाउडर और सोने में कैसे हो रहा इसका इस्तेमाल?

दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोग सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम नाम की भारी धातु का पाउडर मिला रहे हैं. रिपोर्ट में चीन के शेनझेन में मौजूद एक एजेंट का जिक्र है, जिसने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर बनाती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर मौजूद हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया. इससे मिश्रण का कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया. शुरुआती जांच में इसे 24 कैरेट सोने के रूप में पहचाना गया. इसके बाद इसमें दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया गया.

किस तरह के सोने में मिलावट की आशंका?

इस मामले को लेकर गोल्ड एक्सपर्ट और ज्वेलर योगेश सिंगला का कहना है कि इस तरह की मिलावट को सामान्य सर्राफा कारोबार से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. उनके मुताबिक, पिछले 45 साल से वह सोने का कारोबार कर रहे हैं और इस तरह के मामले पहले भी सामने आए हैं. हालांकि, आम ज्वेलर्स इस तरह की धोखाधड़ी नहीं करते. सिंगला के अनुसार, इस तरह का मिलावटी सोना स्मगलिंग के जरिए देश में लाए जाने वाले सोने में मिलने की आशंका हो सकती है. उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले सोने की जांच पर प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए. यानी यह मामला सामान्य तौर पर भरोसेमंद ज्वेलर्स से हॉलमार्क वाली ज्वेलरी खरीदने वाले हर ग्राहक के लिए डरने की वजह नहीं है.

सोने की जांच में कैसे पकड़ में आ सकती है मिलावट?

योगेश सिंगला के मुताबिक, रेनियम एक बेहद कठोर धातु है. इसे सोने को पिघलाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सामान्य तापमान पर आसानी से नहीं पिघलाया जा सकता. इसके लिए अधिक तापमान की जरूरत होती है. ऐसे में सोने को गलाने की प्रक्रिया के दौरान इसकी मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है.

उन्होंने बताया कि सही तरीके से जांच करने पर हॉलमार्किंग के दौरान भी इस तरह की मिलावट का पता लगाया जा सकता है. उनके अनुसार, रेनियम सोने में पूरी तरह घुलकर एकसमान नहीं मिलता, बल्कि इसके कण अलग-अलग जगह चिपके रह सकते हैं. इसलिए सोने की उचित जांच से इसकी पहचान संभव है.

आम ग्राहक सोना खरीदते समय क्या ध्यान रखें?

ज्वेलर योगेश सिंगला का कहना है कि सोने का कारोबार ग्राहकों के भरोसे पर चलता है. छोटे हों या बड़े, सामान्य कारोबारी अपने ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी नहीं करना चाहते, क्योंकि इसी विश्वास के आधार पर उनका कारोबार आगे बढ़ता है.

  • ग्राहकों के लिए भी कुछ सामान्य सावधानियां जरूरी हैं:
  • हमेशा भरोसेमंद और BIS-पंजीकृत ज्वेलर से ही सोना खरीदें.
  • गहने पर BIS हॉलमार्क और HUID नंबर जरूर चेक करें.
  • खरीदारी के समय पक्का बिल लें, जिसमें सोने की शुद्धता और वजन की जानकारी हो.
  • अगर गहने की शुद्धता को लेकर कोई संदेह है, तो मान्यता प्राप्त जांच केंद्र से उसकी जांच कराएं.



Source link