नई दिल्ली: सोचिए, आज से ठीक 105 साल पहले भी ब्रिटिश शाही परिवार का एक सदस्य भारत आया था और तब भी उसके स्वागत की खूब चर्चा हुई थी. नवंबर का महीना था और शहर था मुंबई. उस वक्त प्रिंस ऑफ वेल्स एडवर्ड ने भारत की धरती पर कदम रखा था. अब 105 साल बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेज कैथरीन भी भारत दौरे पर पहुंचे हैं. दोनों शाही यात्राओं के बीच कई ऐसे दिलचस्प संयोग हैं, जिनके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. आखिर 1921 में भारत आए प्रिंस एडवर्ड कौन थे और उनकी यात्रा से जुड़ी कौन-सी यादें आज भी मौजूद हैं? आइए जानते हैं.
एडवर्ड (बाद में किंग एडवर्ड अष्टम) की 1921-22 की भारत यात्रा से पहले उनके दो पूर्ववर्तियों ने भी 1875 और 1905 में भारत का दौरा किया था. दोनों ही नवंबर में बंबई पहुंचे थे, जहां सरकारी अधिकारियों और नागरिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया था.प्रिंस एडवर्ड आजादी से पहले 1947 में भारत आने वाले अंतिम प्रिंस ऑफ वेल्स थे। वह किंग जॉर्ज षष्ठम के भाई थे, जो वर्तमान प्रिंस विलियम के परदादा थे.
एडवर्ड 17 नवंबर, 1921 को बंबई पहुंचे थे और करीब चार महीने भारत में रहे. इस दौरान उन्होंने बड़ौदा (वडोदरा), दिल्ली, लखनऊ, इलाहाबाद (प्रयागराज), बनारस (वाराणसी), पटना और कलकत्ता (कोलकाता) सहित कई शहरों का दौरा किया. वह क्रिसमस से ठीक पहले कलकत्ता पहुंचे थे, जहां बाद में उन्होंने प्रतिष्ठित विक्टोरिया मेमोरियल हॉल का उद्घाटन किया था.
वर्तमान में प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम और प्रिंसेज कैथरीन की 16 से 18 नवंबर तक हुई भारत यात्रा को दोनों देशों के साझा इतिहास के इस 105 साल पुराने संयोग का एक दिलचस्प पड़ाव माना जा रहा है. प्रिंस विलियम बुधवार को मुंबई में एक प्रमुख प्रोडक्शन हाउस के कार्यालय गए, जबकि प्रिंसेज कैथरीन ने 100 साल पुराने नौरोजी वाडिया प्रसूति अस्पताल का दौरा किया. शाम को दोनों ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर रक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की.
इससे पहले, शाही दंपति ने मुंबई में गली क्रिकेट खेला, कटिंग चाय का आनंद लिया और मेट्रो ट्रेन में सफर किया। उन्होंने क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और स्कूली छात्राओं के साथ भी समय बिताया. 17 नवंबर को उन्होंने अर्थशॉट पुरस्कार-2026 के फाइनल में पहुंचे प्रतिभागियों से मुलाकात की. यह भारत की उनकी दूसरी आधिकारिक यात्रा है. इससे पहले उन्होंने अप्रैल 2016 में भारत का दौरा किया था.
दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अभिलेखागार ने सोशल मीडिया पर 1921 की शाही यात्रा से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज साझा करते हुए दोनों यात्राओं के बीच 105 साल के संयोग का उल्लेख किया. अभिलेखागार के अनुसार, प्रिंस एडवर्ड ने 26 अक्टूबर, 1921 को पोर्ट्समाउथ से भारत और जापान की यात्रा शुरू की थी.
आठ महीने की इस यात्रा में उन्होंने करीब 41,000 मील का सफर तय किया था. प्रथम विश्व युद्ध में भारत की भूमिका के लिए आभार जताना और ब्रिटेन के साथ संबंध मजबूत करना इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य था.
कलकत्ता जाते समय प्रिंस एडवर्ड ने 22 और 23 दिसंबर को पटना का दौरा किया था. उनकी यात्रा की स्मृति में तत्कालीन बिहार एवं ओडिशा प्रांत ने 1925 में राज्य का पहला मेडिकल कॉलेज स्थापित किया, जिसका नाम प्रिंस ऑफ वेल्स मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रखा गया. आजादी के बाद इसका नाम बदलकर पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) कर दिया गया.
प्रिंस एडवर्ड से पहले उनके पिता जॉर्ज ने 1905 में प्रिंस ऑफ वेल्स के रूप में भारत का दौरा किया था. उन्होंने 11 नवंबर, 1905 को बंबई में प्रिंस ऑफ वेल्स म्यूजियम ऑफ वेस्टर्न इंडिया की आधारशिला रखी थी, जिसे अब छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय के नाम से जाना जाता है.
इससे भी पहले, महारानी विक्टोरिया के पुत्र प्रिंस अल्बर्ट एडवर्ड (बाद में किंग एडवर्ड सप्तम) ने 1875-76 में भारत की यात्रा की थी. वह 8 नवंबर, 1875 को बंबई पहुंचे थे. इस दौरे का उद्देश्य भारतीय रियासतों के शासकों और ब्रिटिश राजमुकुट के बीच कूटनीतिक संबंध मजबूत करना था.