Last Updated:
Bigg Boss 17: अंकिता लोखंडे ने पति विक्की जैन के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में ‘बिग बॉस’ के दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि शो में एक समय ऐसा आया था, जब उन्हें विक्की का साथ नहीं मिला और वह खुद को अकेला महसूस करने लगी थीं. अंकिता ने यह भी बताया कि इस शो के बाद उनके रिश्ते में कैसे बदलाव आया.
बिग बॉस के दिनों को याद कर इमोशनल हुईं अंकिता (फोटो साभार- न्यूज 18 इंगलिश)
नई दिल्ली: ‘बिग बॉस’ के घर में कई बार रिश्तों की असली परीक्षा होती है. ऐसा ही कुछ अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन के साथ भी हुआ था. दोनों शो में एक साथ पहुंचे थे, लेकिन घर के अंदर गेम और आपसी उम्मीदों के बीच उनके रिश्ते में कई बार तनाव देखने को मिला. अब अंकिता ने उन मुश्किल दिनों को याद किया है. उन्होंने बताया कि शो में एक वक्त ऐसा आया था, जब उन्हें लगा कि विक्की उनका साथ नहीं दे रहे हैं. इस दौरान वह इतना रोई थीं कि जिंदगी में पहले कभी इतने आंसू नहीं बहाए थे.
‘बिग बॉस’ के बाद रिश्ते में आई समझदारी
अंकिता लोखंडे हाल ही में पति विक्की जैन के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में पहुंचीं. यहां दोनों ने अपने रिश्ते और ‘बिग बॉस’ के अनुभवों पर खुलकर बात की. अंकिता ने बताया कि पहले उनके और विक्की के बीच काफी झगड़े होते थे. दोनों को एक-दूसरे को समझने में परेशानी होती थी. हालांकि, ‘बिग बॉस’ में साथ रहने के बाद उनके रिश्ते में काफी बदलाव आया है. अब दोनों के बीच पहले से ज्यादा समझदारी है और बहस भी कम होती है.
विक्की के साथ ही शो में जाना चाहती
अंकिता ने बताया कि उन्हें कई सालों से ‘बिग बॉस’ का ऑफर मिल रहा था, लेकिन वह हर बार मना कर देती थीं. वह और विक्की दोनों इस रियलिटी शो के फैन हैं. जब मेकर्स ने दोबारा उनसे संपर्क किया, तो अंकिता ने साफ कह दिया कि वह तभी शो में जाएंगी, जब विक्की भी उनके साथ होंगे. मेकर्स इसके लिए तैयार हो गए. घर में जाने से पहले दोनों ने गेम को लेकर प्लानिंग भी की थी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद अंकिता खुद अपने तरीके से खेलने लगीं.
विक्की उनका साथ नहीं दे रहे
अंकिता ने बताया कि शो का सबसे मुश्किल समय वह था, जब उन्हें लगा कि विक्की उनका साथ नहीं दे रहे हैं. विक्की अपने गेम में बिजी थे और अंकिता घर में खुद को अकेला महसूस कर रही थीं. इस वजह से वह काफी रोई थीं. उन्होंने कहा, “मैं अपनी पूरी जिंदगी में इतना नहीं रोई, जितना उस घर में रोई हूं.” अंकिता के लिए यह समय काफी मुश्किल था, क्योंकि वह अपने पति से इमोशनल सपोर्ट और साथ की उम्मीद कर रही थीं. अंकिता ने यह भी माना कि उस समय सिर्फ विक्की की गलती नहीं थी. दोनों की उम्मीदें अलग थीं. अंकिता अपने पति से प्यार, भरोसा और इमोशनल सपोर्ट चाहती थीं, जबकि विक्की का ध्यान गेम और अपनी पहचान बनाने पर था. विक्की ने भी बताया कि अंकिता पहले से टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस थीं और उनकी अपनी फैन फॉलोइंग थी. वहीं, उनके लिए यह एक नई शुरुआत थी. वह शो में अपनी अलग पहचान बनाना चाहते थे.
‘नेपो पति’ कहे जाने से बढ़ी मुश्किल
विक्की ने बताया कि शो के दौरान उन्हें ‘नेपो पति’ जैसे नामों से भी बुलाया गया. वह नहीं चाहते थे कि उनकी पहचान सिर्फ अंकिता के पति के तौर पर हो. इसलिए उन्होंने गेम में अपनी काबिलियत के दम पर जगह बनाने की कोशिश की. विक्की के मुताबिक, उनके लिए दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाना भी एक बड़ी चुनौती थी. दोनों ने माना कि ‘बिग बॉस’ का सफर उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन इस अनुभव ने उनके रिश्ते को पहले से ज्यादा मजबूत और समझदार बनाया.