दीवारों में दरार से लेकर फायर सेफ्टी… 40 लाख इमारतों का होगा हिसाब-किताब
Last Updated:
दिल्ली में 40 लाख से ज्यादा इमारतों की सुरक्षा जांच की तैयारी है. एमसीडी के इस सर्वे में इमारतों की मजबूती, उम्र, मंजिलों की संख्या और फायर सेफ्टी से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया में करीब 40 लाख कार्य घंटे लगने का अनुमान है.
दिल्ली की इमारतों की होगी जांच (AI Image)
नई दिल्ली: दीवारों में दरार तो नहीं, फायर सेफ्टी के इंतजाम अधूरे तो नहीं? दिल्ली में अब ऐसी ही छोटी-बड़ी बातों की जांच होने वाली है. एमसीडी राजधानी की 40 लाख से ज्यादा इमारतों का सुरक्षा सर्वे करने की तैयारी में है. इस काम में लाखों घंटे लगेंगे और हर इमारत की उम्र से लेकर उसकी मजबूती तक का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा.
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस कवायद में संपत्ति कर और पर्यावरण प्रबंधन सेवा विभाग (डीईएमएस) सहित अन्य विभागों की मदद ली जाएगी, ताकि इमारतों से जुड़ी जानकारियां जुटाकर उनका एक व्यापक डेटाबेस तैयार किया जा सके.
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद नगर निगम ने एक सप्ताह से अधिक समय पहले दिल्ली सरकार को रिपोर्ट सौंपी थी. इस रिपोर्ट में प्रस्तावित शहरव्यापी सर्वेक्षण के लिए आवश्यक श्रमशक्ति, संसाधनों और समय का विवरण दिया गया था.
अधिकारी ने कहा, ‘इस कवायद के लिए विस्तृत प्रश्नावली तैयार करने के वास्ते हम संपत्ति कर और सफाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. इसका उद्देश्य इमारतों से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां जुटाना और उनकी संरचनात्मक सुरक्षा तथा अग्नि सुरक्षा के आकलन के लिए एक समान मानदंड तय करना है.’
उन्होंने कहा कि इस प्रश्नावली में इमारतों कितनी पुरानी है, निर्मित क्षेत्रफल, मंजिलों की संख्या, स्वीकृत भवन योजनाएं, अग्नि सुरक्षा मंजूरी और ढांचागत कमजोरी के प्रत्यक्ष संकेतों (जैसे दरारें या झुकी हुई दीवारें) के साथ-साथ स्वच्छता से जुड़े पहलुओं जैसे कचरा प्रबंधन, जल निकासी और आसपास के इलाकों की स्थिति को शामिल किए जाने की उम्मीद है.