पहाड़ी हो या दलदली जमीन, मकान बनाने से पहले जान लें कैसी होनी चाहिए नींव, सही डिजाइन है बेहद जरूरी

पहाड़ी हो या दलदली जमीन, मकान बनाने से पहले जान लें कैसी होनी चाहिए नींव, सही डिजाइन है बेहद जरूरी


Last Updated:

Tips For Building Foundation In Hilly-Swamy Areas: मकान के निर्माण में उसकी नींव यानी फाउंडेशन सबसे महत्वपूर्ण होती है. इंजीनियर मो वसीम रजा के अनुसार, दलदली क्षेत्रों में पाइल फाउंडेशन और पहाड़ी क्षेत्रों में मिट्टी की जांच के आधार पर आइसोलेटेड फाउंडेशन बनवाना चाहिए. जानते हैं विस्तार से.

ख़बरें फटाफट

गया. मकान या बहुमंजिला इमारत का निर्माण करते समय सबसे महत्वपूर्ण भूमिका उसकी नींव यानी फाउंडेशन की होती है. किसी भी भवन की मजबूती और सुरक्षा इस बात पर निर्भर करती है कि उसका निर्माण किस प्रकार की जमीन पर किया जा रहा है. खासकर पहाड़ी क्षेत्र और दलदली क्षेत्र में मकान बनाने के लिए अलग-अलग तकनीक और इंजीनियरिंग डिजाइन की जरूरत होती है. गया के स्ट्रक्चर इंजीनियर मो वसीम रजा के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्र और दलदली क्षेत्र की मिट्टी की प्रकृति एक-दूसरे से बिल्कुल अलग होती है.

ऐसी जगहों पर करें पाइल फाउंडेशन का इस्तेमाल
दलदली क्षेत्र में जमीन की ऊपरी मिट्टी काफी नरम होती है, कई जगहों पर जमीन के नीचे पानी का स्तर भी काफी ऊंचा रहता है. ऐसी जमीन पर अगर सामान्य तरीके से मकान की नींव बना दी जाए, तो समय के साथ भवन धंसने या उसमें दरार आने का खतरा रहता है. ऐसी स्थिति में पाइल फाउंडेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं. पाइल फाउंडेशन में जमीन के अंदर गहराई तक ड्रिलिंग करके कंक्रीट और स्टील की मदद से मजबूत पाइल तैयार की जाती है. इन पाइलों के माध्यम से भवन का भार जमीन की गहरी और मजबूत परत तक पहुंचाया जाता है.

भार नहीं पहुंचता जमीन तक
वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगह जमीन के नीचे कठोर चट्टानें और पत्थरीली मिट्टी मिलती है. ऐसी जमीन की सुरक्षित भार वहन क्षमता यानी एसबीसी अच्छी हो सकती है. अगर जमीन की जांच में पर्याप्त एसबीसी मिलती है, तो इंजीनियर वहां आइसोलेटेड फाउंडेशन का डिजाइन तैयार कर सकते हैं. आइसोलेटेड फाउंडेशन में हर कॉलम के नीचे अलग-अलग आरसीसी फुटिंग बनाई जाती है. इससे भवन का भार जमीन तक पहुंचता है.

इससे ऊंचा बन पाता था भवन
हालांकि हर पहाड़ी जमीन मजबूत नहीं होती. ढलान, भूस्खलन, चट्टानों की दरार और मिट्टी की गहराई को ध्यान में रखकर फाउंडेशन डिजाइन करना जरूरी है. पहले के समय में अधिकतर मकान लोड बेयरिंग स्ट्रक्चर पर बनाए जाते थे. इसमें ईंटों की दीवारें भवन का भार उठाती थीं. इस निर्माण प्रणाली में आधुनिक आरसीसी कॉलम और बीम का इस्तेमाल सीमित या नहीं होता था. लेकिन आधुनिक निर्माण तकनीक के विकास के साथ फ्रेम स्ट्रक्चर का इस्तेमाल बढ़ा है. फ्रेम स्ट्रक्चर में कॉलम, बीम और स्लैब मिलकर भवन का भार उठाते हैं. इससे भवन को अधिक ऊंचाई तक बनाने की सुविधा मिलती है.

वर्टिकल कंस्ट्रक्शन और फ्रेम स्ट्रक्चर का महत्व बढ़ा
आज के समय में जमीन सीमित होती जा रही है और आबादी लगातार बढ़ रही है. ऐसे में शहरों में कम जमीन पर ज्यादा परिवारों को आवास उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती है. पहले जहां एक बड़े भूखंड पर अलग-अलग मकान बनाए जाते थे, वहीं अब उसी जमीन पर बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जा रहा है. आज एक ही बिल्डिंग में सैकड़ों परिवार रह सकते हैं. जिस आबादी के लिए पहले एक पूरा गांव बसाना पड़ता था, आज उतने परिवार एक बहुमंजिला इमारत में रह सकते हैं. इसी वजह से आधुनिक इंजीनियरिंग में वर्टिकल कंस्ट्रक्शन और फ्रेम स्ट्रक्चर का महत्व लगातार बढ़ रहा है.



Source link