Ara News: 6 भोजपुरी गाने, 8 Instagram अकाउंट और 45 आर्टिस्ट पर FIR; SP अवधेश दीक्षित का बड़ा एक्शन

Ara News: 6 भोजपुरी गाने, 8 Instagram अकाउंट और 45 आर्टिस्ट पर FIR; SP अवधेश दीक्षित का बड़ा एक्शन


आरा. बिहार के भोजपुर जिले में विवादित भोजपुरी गानों और सोशल मीडिया पर उनके जरिए जातिगत वर्चस्व, रंगदारी और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. भोजपुर पुलिस ने जांच के बाद 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. इनमें चर्चित भोजपुरी गायक टुनटुन यादव समेत कई गायक, गीतकार, रिकॉर्डिंग स्टूडियो संचालक और सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले लोग शामिल हैं. पुलिस ने छह विवादित भोजपुरी गानों को चिह्नित किया है. इसके अलावा आठ इंस्टाग्राम अकाउंट और एक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित सामग्री भी जांच के दायरे में है.

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है. यह मामला आरा साइबर थाने में दर्ज किया गया है. साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा निखिल राय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान ऐसे कई गाने और वीडियो सामने आए, जिनमें जातिगत दबदबा, हथियारों का प्रदर्शन, धमकी और हिंसा को दिखाया गया है.

टुनटुन यादव समेत कई चर्चित भोजपुरी गायक FIR में नामजद

पुलिस की प्राथमिकी में भोजपुरी गायक टुनटुन यादव, जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, रीतेश ठाकुर, विजय यादव, सृष्टि भारती, राजा अविनाश और राधे बिहारी रोहित समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं. पुलिस ने इस मामले में केवल गायक और गीतकारों को ही नहीं, बल्कि गानों की रिकॉर्डिंग और निर्माण से जुड़े स्टूडियो संचालकों को भी आरोपी बनाया है. प्राथमिकी में सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो समेत कई संस्थानों के नाम शामिल हैं.

छह गाने और आठ इंस्टाग्राम अकाउंट पुलिस के रडार पर

भोजपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे छह विवादित भोजपुरी गानों को चिह्नित किया है. इन गानों का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर रील और वीडियो बनाए जा रहे थे. पुलिस की जांच में आठ इंस्टाग्राम अकाउंट सामने आए हैं. इसके अलावा एक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित सामग्री की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, कुछ वीडियो में विवादित गानों को बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर इस्तेमाल करते हुए हथियारों का प्रदर्शन, धमकी और जातिगत दबदबा दिखाने की कोशिश की गई है. पुलिस को आशंका है कि इस तरह की सामग्री युवाओं को प्रभावित कर सकती है और समाज में जातिगत तनाव तथा आपसी वैमनस्य को बढ़ावा दे सकती है.

गाने बनाने से लेकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों की जांच

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवादित गानों को लिखने, गाने, रिकॉर्ड करने और तैयार करने में किन लोगों की क्या भूमिका रही है. इसके साथ ही इन गानों पर रील बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले अकाउंट संचालकों की भी पहचान की जा रही है.

भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि साइबर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. हिंसा, रंगदारी और जातिगत वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली सामग्री के निर्माण और प्रसारण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है. हालांकि, प्राथमिकी में नाम शामिल होना किसी व्यक्ति की दोषसिद्धि नहीं है. आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.



Source link