छत्तीसगढ़ का सैनिक गांव नेवरी खुर्द! सेना, BSF, STF, कोबरा और पुलिस में सेवा दे रहे करीब 100 युवा

छत्तीसगढ़ का सैनिक गांव नेवरी खुर्द! सेना, BSF, STF, कोबरा और पुलिस में सेवा दे रहे करीब 100 युवा


Last Updated:

Balod Nevri Khurd Soldier: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले का नेवरी खुर्द गांव अपनी अनोखी पहचान के लिए मशहूर है. करीब 100 युवा सेना और पुलिस बलों में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं. कभी नंगे पांव नदी किनारे दौड़कर तैयारी करने वाले युवाओं ने मेहनत से मुकाम हासिल किया. आज भी हर साल गांव के दो युवा सेना में चयनित हो रहे हैं.

Balod Nevri Khurd Soldier Village: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक ऐसा गांव है, जिसकी पहचान किसी खास इमारत या पर्यटन स्थल से नहीं, बल्कि देश की सेवा करने वाले जवानों से है. इस गांव का नाम है नेवरी खुर्द. जिला मुख्यालय से महज 7 किलोमीटर दूर दुर्ग रोड पर स्थित इस छोटे से गांव को लोग सैनिक गांव के नाम से जानते हैं. यहां के करीब 100 युवा भारतीय सेना और पुलिस बलों में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं. खास बात यह है कि इनमें से अधिकांश युवाओं ने बिना किसी विशेष संसाधन और कोचिंग के अपने दम पर यह मुकाम हासिल किया है.

गांव के रिटायर्ड सैनिक अरुण कुमार साहू ने Local18 से खास बातचीत में बताया कि उनके बचपन में गांव में काफी गरीबी थी. अधिकांश घर कच्चे हुआ करते थे. स्कूल जाने के लिए कई बच्चों के पास चप्पल तक नहीं होती थी. ऐसे माहौल में उच्च शिक्षा और दूसरी नौकरियों के बारे में सोचना भी मुश्किल था. लेकिन गांव के बुजुर्ग रामरतन उइके और हरिविष्णु राणा को सेना में देखकर उनके मन में भी फौज में जाने का सपना जागा.

अरुण कुमार बताते हैं कि सोहनलाल ठाकुर और राधेलाल निषाद उनके दोस्त होने के साथ गुरु भी रहे. उनसे प्रेरणा और मार्गदर्शन लेकर उन्होंने सेना में भर्ती होने की तैयारी शुरू की. संसाधनों की कमी के बीच युवा नंगे पांव नदी किनारे दौड़ने का अभ्यास करते थे. फिटनेस और सामान्य ज्ञान को मजबूत कर उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल किया.

हर साल दो युवाओं का सेना में हो रहा चयन
आज इस गांव की पहचान पूरे प्रदेश में अलग है. करीब 100 युवा सेना, बीएसएफ, एसटीएफ, कोबरा और पुलिस बलों में सेवाएं दे चुके हैं या दे रहे हैं. इनमें कुछ जवान शहीद भी हुए हैं, जबकि कुछ सेवानिवृत्त हो चुके हैं. वर्तमान में अधिकांश जवान सेवा में हैं. देश के नॉर्थ ईस्ट से लेकर जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी यहां के युवा तैनात हैं. अरुण कुमार के मुताबिक, आज भी हर साल गांव के कम से कम दो युवाओं का सेना में चयन हो रहा है.

मणिपुर से लौटे तो थाम लिया गौसेवा का जिम्मा
अरुण कुमार साहू ने अपनी अंतिम सैन्य सेवा मणिपुर में दी और वहीं से सेवानिवृत्त हुए. अब वे गांव में रहकर चार गायों की देखभाल करते हैं और खेती-किसानी में समय बिताते हैं. उनका कहना है कि सेना में रहते हुए लंबे समय तक घर और समाज से दूर रहना पड़ा. अब सेवानिवृत्ति के बाद समाज के बीच रहकर लोगों की मदद करने का प्रयास कर रहे हैं.

नेवरी खुर्द की कहानी बताती है कि बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती. कभी-कभी गांव की मिट्टी, बुजुर्गों की प्रेरणा और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा ही पूरी पीढ़ी की पहचान बन जाता है.



Source link