नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही छोटे बच्चों की सेहत को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट के बीच पांच साल से कम उम्र के बच्चों में निमोनिया का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिले में ‘सांस अभियान’ शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी और निमोनिया के शुरुआती लक्षणों की पहचान करेंगी. खास बात यह है कि अभियान के जरिए न केवल बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, बल्कि अभिभावकों को भी इस गंभीर बीमारी से बचाव के तरीके बताए जाएंगे.
मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि दीपावली के बाद मौसम में बदलाव के साथ ठंड बढ़ने लगती है. ऐसे में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की विशेष देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है. निमोनिया छोटे बच्चों के लिए गंभीर बीमारी साबित हो सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में सांस अभियान चलाया है.
8 ब्लॉकों में उतरी 1,330 स्वास्थ्य कर्मियों की टीम
इस अभियान को सफल बनाने के लिए नैनीताल जिले के सभी आठ ब्लॉकों में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात की गई है. इसमें 1,030 आशा कार्यकर्ता, 200 एएनएम और 100 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) शामिल हैं. ये सभी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पांच साल तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगे. बच्चों में खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा, ताकि समय रहते उपचार शुरू किया जा सके.
बच्चों में इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
निमोनिया फेफड़ों में होने वाला संक्रमण है, जो छोटे बच्चों के लिए खतरनाक हो सकता है. इसकी समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभिभावकों को बच्चों में दिखाई देने वाले कुछ खास लक्षणों को लेकर सतर्क रहना चाहिए. जिसमें लगातार खांसी और बुखार रहना, सामान्य से तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई होना, सांस लेते समय छाती के निचले हिस्से का अंदर धंसना. बच्चा दूध पीने या खाना खाने में परेशानी महसूस करे, बच्चा असामान्य रूप से सुस्त हो जाए या कुछ भी पीने में असमर्थ हो. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार के भरोसे न रहें. बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं और डॉक्टर से परामर्श लें.
मां के दूध से होगा बचाव
स्वास्थ्य विभाग सांस अभियान के दौरान अभिभावकों को नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के प्रति भी जागरूक कर रहा है. इसमें जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने और छह महीने तक केवल मां का दूध पिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. मां का दूध बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है. स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अभिभावकों को यह भी बताया जा रहा है कि नवजात की सांसों और व्यवहार में किसी तरह का असामान्य बदलाव दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें.
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत के अनुसार अभियान के तहत केवल स्क्रीनिंग ही नहीं, बल्कि बीमारी से निपटने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है. निमोनिया के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन, पल्स ऑक्सीमीटर और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से बच्चों के टीकाकरण और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए भी घर-घर जाती हैं. इसी व्यवस्था के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके.
अभिभावक बरतें ये सावधानियां
सर्दियों में छोटे बच्चों को ठंड से बचाना, उन्हें पर्याप्त पोषण देना और साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. घर में धुएं से बचाव करें, बच्चे को बीमार व्यक्तियों के संपर्क में आने से बचाएं और टीकाकरण समय पर करवाएं. बच्चे की सांस तेज चलने या सांस लेने में परेशानी होने पर बिल्कुल देरी न करें. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य सांस अभियान के माध्यम से नैनीताल जिले में पांच साल से कम उम्र के बच्चों में निमोनिया की समय पर पहचान करना और बीमारी के कारण होने वाली गंभीर परिस्थितियों को रोकना है. इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभिभावकों की जागरूकता भी बेहद महत्वपूर्ण है.