Last Updated:
‘रामायण’ में कैकेयी बनकर लारा दत्ता ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. उनके लुक से लेकर एक्टिंग तक की चर्चा हो रही है. हालांकि, इस किरदार के साथ उन्हें कुछ सवालों का सामना भी करना पड़ा. कभी कपड़ों को लेकर तो कभी स्टार्स की उम्र के अंतर को लेकर. लारा ने पहली बार 48 की उम्र में मां बनने के किरदार पर चुप्पी तोड़ी है.
नई दिल्ली. रामायण की कहानी में रिश्तों और किरदारों की अपनी अहमियत है. पर्दे पर इन किरदारों को निभाने वाले कलाकारों की उम्र और उनकी आपसी केमिस्ट्री भी अकसर चर्चा का विषय बन जाती है. नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम है. फिल्म 14 दिनों में 1500 करोड़ का कारोबार कर चुकी है. फिल्म में ‘कैकेयी’ का किरदार निभाने वाली लारा दत्ता की एक्टिंग को लोगों ने खूब सराहा. हालांकि, ट्रेलर रिलीज के समय कैकेयी के कपड़ों को ‘आधुनिक’ बताए जाने पर काफी बहस हुई थी, लेकिन लारा ने उस शोर को खुद पर हावी नहीं होने दिया. फिर 48 साल की उम्र में 44 साल रणबीर कपूर (राम) और 42 के आदिनाथ कोठारे (भरत) की मां का किरदार निभाने को लेकर लारा पर सवाल उठाए गए. जिसका जवाब उन्होंने हमारी सहयोगी न्यूज18 के साथ बातचीत में बेबाकी से दिया.
फिल्मों में किरदार निभाने के लिए कलाकारों को कई बार अपनी उम्र और छवि से बाहर निकलना पड़ता है. कभी उन्हें खुद से बड़े किरदार निभाने होते हैं तो कभी पर्दे पर ऐसी रिश्तेदारी निभानी पड़ती है, जो असल जिंदगी से बिल्कुल अलग होती है. ‘रामायण’ में से खुद से 4-6 साल छोटे स्टार्स की मां का किरदार लारा दत्ता ने निभाया. इस कास्टिंग को लेकर उठने वाले सवालों पर खुद उन्होंने खुलकर बात की है. फोटो साभार-@larabhupathi/Instagaram
लारा दत्ता ने बातचीत में साफ कहा कि उन्हें रणबीर कपूर और आदिनाथ की मां का किरदार निभाने को लेकर जरा भी झिझक नहीं हुई. उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल नहीं! मुझे लगता है कि हम सब अब इन बातों से बहुत आगे निकल चुके हैं. आज के दौर में कोई भी कलाकार इस पुरानी सोच में नहीं फंसा है कि मैं एक एक्ट्रेस हूं, तो ऐसा किरदार कैसे निभाऊं. आज हम सिर्फ किरदारों को जीते हैं. मेरे मन में ऐसा कोई ख्याल रत्ती भर भी नहीं आया.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
लारा ने आगे समझाया कि राजा दशरथ की तीन रानियां थीं और वे सभी अलग-अलग उम्र और राज्यों से आती थीं. निर्देशक नितेश तिवारी के साथ उनकी बातचीत में कभी भी कलाकारों की उम्र के अंतर का जिक्र तक नहीं हुआ. दोनों ने मिलकर कैकेयी के पूरे इतिहास पर काम किया. उन्होंने इस बात को गहराई से समझा कि कैकेयी कहां से आई थीं, देवासुर संग्राम में दशरथ की सारथी बनने पर उन्हें वे दो वरदान कैसे मिले थे और उन्होंने वे वरदान क्यों मांगे थे.
लारा का मानना है कि किसी किरदार को सही तरीके से निभाने के लिए सिर्फ स्क्रीन पर दिखाई देने वाली कहानी जानना काफी नहीं है. उसके पीछे की वजह और भावनाओं को समझना भी जरूरी है. यही वजह है कि उन्होंने कैकेयी को सिर्फ एक ऐसी रानी के रूप में नहीं देखा, जिसके फैसले से राम को वनवास मिला. उन्होंने उसके पूरे व्यक्तित्व को समझने की कोशिश की. फोटो साभार-@larabhupathi/Instagaram
इस दौरान लारा को साल 2021 की फिल्म ‘बेल बॉटम’ में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाने का एक्सपीरियंस भी याद आया. पूर्व मिस यूनिवर्स ने कहा कि जब उन्हें इतना यादगार किरदार निभाने का मौका मिला तो उन्होंने ट्रोल्स की परवाह किए बिना उसे दोनों हाथों से लपक लिया. उन्होंने कहा कि ऐसे मौके जीवन में एक ही बार मिलते हैं और इन्हें न अपनाना सबसे बड़ी बेवकूफी होगी. फोटो साभार-@larabhupathi/Instagaram
कैकेयी के किरदार से लारा का एक पर्सनल जुड़ाव भी है. उन्होंने बताया कि वह पंजाबी ब्राह्मण मोहयाल समुदाय से आती हैं. उनकी बहन ने भी इस बात की ओर उनका ध्यान दिलाया था. लारा के मुताबिक, मोहयाल समुदाय का इतिहास योद्धाओं से जुड़ा रहा है. उन्होंने बताया कि कैकेयी भी एक योद्धा राजकुमारी थीं. वह केकय राज्य से आती थीं और युद्ध के दौरान राजा दशरथ का रथ भी संभाल चुकी थीं. इसी दौरान दशरथ ने उन्हें पहला वरदान देने का वादा किया था. फोटो साभार-@larabhupathi/Instagaram