मुजफ्फरपुर में ₹50 करोड़ से बन रहा भव्य ऑडिटोरियम, एक साथ 2 हजार लोग देख सकेंगे कार्यक्रम, इस दिन तक तैयार होने की उम्मीद

मुजफ्फरपुर में ₹50 करोड़ से बन रहा भव्य ऑडिटोरियम, एक साथ 2 हजार लोग देख सकेंगे कार्यक्रम, इस दिन तक तैयार होने की उम्मीद


मुजफ्फरपुर. मुजफ्फरपुर जिले के दाउदपुर कोठी में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से दो हजार लोगों की क्षमता वाले भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस ऑडिटोरियम के बन जाने के बाद जिलेवासियों को सांस्कृतिक, शैक्षणिक और राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक आधुनिक और बड़ा मंच उपलब्ध होगा. निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य 31 मार्च 2027 निर्धारित किया गया है.

करीब 3.121 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस ऑडिटोरियम भवन का निर्माण दो मंजिला स्वरूप में किया जा रहा है. इसकी ऊंचाई लगभग 19.6 मीटर होगी. यहां एक साथ करीब दो हजार लोग बैठकर कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे. भवन में नौ सीढ़ियों का प्रावधान किया गया है. इसकी छत एमएस स्टील ट्रस आधारित धातु संरचना से तैयार की जाएगी.

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
डिटोरियम को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस किया जाएगा. इसमें वीडियो स्क्रीन, स्टेज लाइटिंग, अत्याधुनिक साउंड सिस्टम और प्रोजेक्टर स्क्रीन की व्यवस्था रहेगी. मुख्य ऑडिटोरियम के अलावा भूतल पर प्रदर्शनी स्थल, रिसेप्शन, सुरक्षा पोस्ट और कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा. पूरे भवन की निगरानी के लिए उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे.

वहीं, ऑडिटोरियम हॉल के फर्श पर बैंबू वुड फ्लोरिंग और दीवारों पर एकॉस्टिक पैनल लगाए जाएंगे, ताकि कार्यक्रमों के दौरान ध्वनि की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे. भवन के पीछे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी, जबकि सामने के हिस्से में लैंडस्केपिंग कर परिसर को आकर्षक बनाया जाएगा.

जिलाधिकारी कर चुके हैं निरीक्षण
निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी भी निरीक्षण कर चुके हैं. अधिकारियों के अनुसार, मुख्य ब्लॉक के ट्रस स्ट्रक्चर, बाउंड्री वॉल, अंडरग्राउंड टैंक, सेप्टिक टैंक और ड्रेन निर्माण का कार्य भी जारी है. अब तक निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई है.

हालांकि, पुनर्निर्मित तकनीकी अनुमोदित प्राक्कलन के आधार पर प्रशासी विभाग से पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया भी चल रही है. संबंधित अधिकारियों का कहना है कि समन्वय स्थापित कर इस प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा.

दाउदपुर कोठी में बन रहा यह ऑडिटोरियम मुजफ्फरपुर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित हो सकता है. इसके निर्माण से जिले में बड़े स्तर के सांस्कृतिक, शैक्षणिक और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन को नई सुविधा मिलेगी.



Source link