उत्तर प्रदेश चुनाव अपडेट्स LIVE: यूपी चुनाव में चंद्रशेखर के खिलाफ कुर्की का आदेश, सपा 26 नवंबर को जारी करेगी घोषणा पत्र

उत्तर प्रदेश चुनाव अपडेट्स LIVE: यूपी चुनाव में चंद्रशेखर के खिलाफ कुर्की का आदेश, सपा 26 नवंबर को जारी करेगी घोषणा पत्र


Last Updated:

UP Election Updates: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ MP-MLA कोर्ट ने कुर्की का आदेश…और पढ़ें

Zoom

यूपी चुनाव से जुड़े दिन भर के अपडेट्स यहां पढ़े

UP Chunav Updates: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ हैट्रिक लगाएगी, इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए. विधानसभा चुनाव की हलचल के बीच योगी सरकार ने ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग ने भी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोग के वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे. उधर, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान अंतरिम जमानत पर गाजियाबाद के डासना जेल से रिहा होकर अपने घर रामपुर पहुंचे.

पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश पंचायत राज संशोधन अध्यादेश, 2026 को मंजूरी दी गई. इसके तहत ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने और बढ़ाया जाएगा. जरूरत पड़ने पर यह अवधि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक भी बढ़ाई जा सकेगी. वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि 2021 में गठित ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मार्च 2026 को समाप्त हो गया था. इसके बाद 25 मार्च के सरकारी आदेश के तहत मौजूदा ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था. इनका कार्यकाल 26 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है.

सरकार का कहना है कि पंचायत चुनाव से पहले पिछड़े वर्गों की आबादी और उनके सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन का अध्ययन जरूरी है. इसके लिए 18 मई 2026 को राज्य ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया था. आयोग की रिपोर्ट अभी नहीं आई है. ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यकाल बढ़ाने का फैसला लिया गया है.

योगी का दावा- 2027 में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनेगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की जीत का भरोसा जताया है. एक निजी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी. बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार के कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाएगी. 403 विधानसभा सीटों में 320 सीटों का लक्ष्य हासिल करने के सवाल पर योगी ने कहा कि पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा. उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार को प्रदेश के आर्थिक विकास से जोड़ा. दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले एक दशक में 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की है. 32 हजार और पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है.

SIR पर विपक्ष को जवाब, राहुल गांधी पर भी निशाना

मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का बचाव किया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों और गैर-नागरिकों के नाम हटने चाहिए. वहीं, हर पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची में शामिल होना चाहिए. कांग्रेस और सपा की ओर से SIR तथा EVM पर उठाए जा रहे सवालों पर योगी ने पलटवार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराती है. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें तथ्यों और सबूतों के आधार पर बात करनी चाहिए.

वहीं, पीडीए में ब्राह्मणों को शामिल करने के लिए एक और ‘P’ जोड़ने के अखिलेश यादव के बयान पर भी योगी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सपा नेताओं के पुराने बयानों का हवाला देते हुए पार्टी की सोच पर सवाल उठाए.

आगरा में 21 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगा आयोग

इस बीच, विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने भी गतिविधियां तेज कर दी हैं. वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग गुरुवार को आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की समीक्षा करेंगे. आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुगल में सुबह 11 बजे से बैठक होगी. इसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे.

आगरा, चित्रकूट, झांसी, बरेली और कानपुर मंडलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. बैठक में कानून-व्यवस्था, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा होगी. संबंधित जिलों के अधिकारी प्रेजेंटेशन के जरिए अब तक की तैयारियों की जानकारी देंगे. इससे पहले 2 नवंबर को मेरठ में पश्चिमी यूपी के चार मंडलों के 18 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई थी.

November 19, 202611:05 IST

UP Assembly Elections 2027 Live: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर AIMIM ने BJP के साथ अखिलेश यादव को भी घेरा

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के मुद्दे को लेकर AIMIM ने बीजेपी के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा है. AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव खुद को असली हिंदू साबित करने के लिए अयोध्या जाने में लगे हैं, लेकिन मथुरा की ईदगाह के मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं. शादाब चौहान ने सवाल उठाया कि खुद को मुसलमानों का रहनुमा बताने वाले अखिलेश यादव मथुरा की ईदगाह को बचाने के लिए सामने क्यों नहीं आ रहे हैं? उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता मथुरा को लेकर गलत बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन अखिलेश यादव इस पर कुछ नहीं बोल रहे हैं. AIMIM प्रवक्ता ने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 400 साल तक नमाज पढ़ी जाती थी और उनकी मस्जिद को शहीद कर दिया गया.

November 19, 202610:35 IST

UP Election News Live: चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश

गाजियाबाद की MP-MLA कोर्ट ने नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश जारी किया है. कोर्ट ने 17 नवंबर को सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने पर यह कार्रवाई की. कोर्ट के आदेश के बाद चंद्रशेखर आजाद ने राजनीतिक गठबंधन का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा है. यह मामला वर्ष 2018 में गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा है. शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया था कि समारोह में हथियारों को लेकर सवाल पूछने पर चंद्रशेखर आजाद और उनके समर्थकों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. साथ ही उन्हें धमकी भी दी गई थी. इस मामले में इससे पहले अक्टूबर 2026 में चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने और संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की बात सामने आई थी. मामले में कोर्ट की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी.

November 19, 202609:41 IST

UP Elections Live Updates: 26 तारीख को जारी होगा सपा का चुनावी घोषणा पत्र, बोले- शिवपाल यादव

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र 26 तारीख को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जारी करेंगे. इसमें गाजीपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश के लिए घोषणाएं होंगी. कांग्रेस की ओर से 181 सीटों पर दावे और जहूराबाद सीट को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का फैसला दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे. शिवपाल ने दावा किया कि इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाएगी. उन्होंने कहा कि मथुरा, अयोध्या और काशी सभी की आस्था के केंद्र हैं, किसी एक पार्टी के नहीं. सपा गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं का विकास चाहती है.

November 19, 202609:02 IST

UP Election News LIVE: अखिलेश यादव का BJP पर निशाना, बोले- आज चुनाव हुए तो मिलेगा ‘डबल जीरो’

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया. उन्होंने दावा किया कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा को यहां ‘डबल जीरो’ मिल सकता है. उन्होंने वाराणसी की शिक्षक और स्नातक विधान परिषद सीटों पर सपा की जीत का भी जिक्र किया. अखिलेश ने गोरखपुर में विकास के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि बारिश में लोग मेट्रो के बजाय नाव से सफर करते हैं. उन्होंने जलभराव की समस्या को लेकर भी स्थानीय नेतृत्व पर निशाना साधा. इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में योगी के एक बयान पर कटाक्ष किया. उन्होंने चौरी चौरा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी. यह रोड शो 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत आयोजित किया गया था.

November 19, 202607:54 IST

UP Elections Live Updates: प्रमोद कृष्णम ने क्यों कहा- विपक्ष कान पकड़कर माफी मांगे

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की डासना जेल से रिहाई के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. आजम खान की रिहाई पर उनके बेटों ने खुशी जताई, वहीं आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष के नेताओं को कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आजम खान की रिहाई साबित करती है कि देश में लोकतंत्र कायम है और न्यायपालिका स्वतंत्र है. इससे पहले अखिलेश यादव ने भी रिहाई पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि आजम खान को बाकी मामलों में भी न्याय मिलेगा. वहीं, एआईएमआईएम प्रवक्ता वारिस पठान ने इसे खुशी की बात बताते हुए कहा कि जमानत नियम और जेल अपवाद है.



Source link