85+25+6+5+3=124 का फॉर्मूला! सम्राट के मंच पर निशांत को ‘धक्का’, क्या RJD-JDU के लिए आया सत्ता परिवर्तन का मौका?

85+25+6+5+3=124 का फॉर्मूला! सम्राट के मंच पर निशांत को ‘धक्का’, क्या RJD-JDU के लिए आया सत्ता परिवर्तन का मौका?


पटना. बिहार की राजनीति में बुधवार को वैशाली के राघोपुर से सामने आए एक वीडियो ने हलचल मचा दी है. कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निरीक्षण करने पहुंचे थे. आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी पुल का उद्घाटन करने वाले हैं. इसी निरीक्षण के दौरान एक वीडियो सामने आया जिसमें मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे एक कर्मी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हाथ से पीछे करते दिखे. बताया जाता है कि इसके बाद निशांत कुमार नाराज होकर वहां से निकल गए. इस घटना के बाद जिस तरह से बयानबाजी शुरू हुई है उसने राज्य में संभावित सत्ता परिवर्तन की अटकलों को हवा दे दी है. राजनीतिक घटनाक्रम कुछ यूं आगे बढ़ रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी द्वारा पीछे किए जाने की घटना को आरजेडी ने नीतीश कुमार के राजनीतिक फैसलों से जोड़ दिया है और पार्टी के नेताओं ने निशांत को मुख्यमंत्री बनने योग्य बताया है. ऐसे में सवाल यह है कि क्या बिहार में एक ऐसा सत्ता समीकरण बन सकता है, जिसमें जेडीयू और आरजेडी साथ आ जाएं?

निशांत को किनारे करने से जदयू के सम्मान पर छिड़ी बहस

बता दें कि निशांत कुमार के कथित अपमान की यह घटना बुधवार (18 नवंबर) को उस समय हुई जब सीएम सम्राट चौधरी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा ले रहे थे. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और कैबिनेट मंत्री निशांत कुमार भी उनके साथ चल रहे थे. वायरल हो रहे वीडियो में सीएम सम्राट के बॉडीगार्ड निशांत कुमार को हाथ लगाकर पीछे धकेलते दिख रहे हैं. इसी बात को उभारते हुए राजद ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, पिता ने कुर्सी प्रेम में समाजवाद छोड़कर “संघ”वाद को चुन लिया तो बेटे को खामियाजा तो भुगतना ही पड़ेगा! अभी तो बहुत जलील होना बाकी है! पिता तो अपना सत्ता सुख भोग लिए!

इस पर राजद के सहयोगी आईपी सिंह ने भी टिप्पणी की और लिखा, यह दुर्गति नीतीश कुमार जी की अति महत्वाकांक्षा का परिणाम है. उन्हें लाख समझाया गया, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी. आज परिस्थितियां उनके सामने हैं. जिस बेटे को राजनीति में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए था, उसे सुरक्षाकर्मी धक्का देकर पीछे कर रहे हैं. सच तो यह है कि निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला होता तो वे सम्राट चौधरी से लाख गुना बेहतर मुख्यमंत्री साबित होते. राजनीति में समय रहते सही निर्णय न लेने की कीमत कभी-कभी पूरी पीढ़ी को चुकानी पड़ती है.

राजद के पोस्ट को आईपी सिंह ने टैग कर पोस्ट लिखा.

वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, “निशांत कुमार में बिहार का मुख्यमंत्री बनने की पूरी क्षमता है. उन्होंने निशांत को तेजस्वी यादव का बड़ा भाई बताते हुए कहा कि अगर नेता प्रतिपक्ष ने कुछ कह दिया है, तो समझ जाइए.” दरअसल, अप्रैल 2026 में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने और मई में निशांत कुमार के मंत्री बनने के बाद से ही जदयू की भूमिका को लेकर चर्चाएं चलती रही हैं. इससे पहले भी वाटर मेट्रो के उद्घाटन के समय निशांत को हरी झंडी न मिलने का मामला सामने आया था. ऐसे में राघोपुर की इस घटना को विपक्ष सीधे तौर पर जदयू और नीतीश परिवार के घटते राजनीतिक सम्मान से जोड़ रहा है.

सियासी गलियारों में तैरने लगा ‘124’ का नया समीकरण

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बिहार की राजनीति में विधानसभा के अंकगणित को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं. 243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 122 है. 2025 के चुनाव में भाजपा ने 101 में से 89 सीटें जीती थीं, जबकि जदयू ने 2020 के 43 सीटों के प्रदर्शन को सुधारते हुए 85 सीटों पर जबरदस्त वापसी की थी. चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 19, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 5 और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) को 4 सीटें मिली थीं. विपक्षी खेमे का मानना है कि यदि भाजपा के साथ जदयू की असहजता बढ़ती है, तो वैकल्पिक सरकार का रास्ता खुल सकता है.

राघोपुर में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक सुरक्षाकर्मी ने मंत्री निशांत कुमार को सीएम के पास आने नहीं दिया.

सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रहे इस संभावित फॉर्मूले के तहत जदयू की 85, राजद की 25, कांग्रेस की 6, एआईएमआईएम की 5 और वामदलों की 3 सीटों को मिलाकर कुल 124 का आंकड़ा गिनाया जा रहा है. इसमें आईपी गुप्ता की पार्टी के एक विधायक को जोड़ने पर यह संख्या 125 तक पहुंच जाती है. यही वजह है कि राजद अब निशांत कुमार के बहाने जदयू के भीतर असंतोष को हवा देकर अपनी सियासी संभावनाओं को मजबूती देने की कोशिश में है.

क्या बिहार में से सत्ता परिवर्तन का मौका?

बता दें कि जेडीयू ने 2015 में 71 और 2020 में 43 सीटें जीती थीं, जबकि 2025 में उसका आंकड़ा बढ़कर 85 हो गया. दूसरी ओर, आरजेडी 2015 की 80 और 2020 की 75 सीटों से घटकर 25 पर आ गई. यानी मौजूदा विधानसभा में जेडीयू पहले से कहीं मजबूत स्थिति में है. साफ है कि राजद का ग्राफ गिरता हुआ नजर आ रहा है और जदयू गिरी, पर फिर उठ खड़ी हुई. ऐसे में यही वजह है कि राजद को निशांत कुमार के जरिए फिर से वापसी का रास्ता दिख रहा है. जानकारों का मानना है कि राजद को यह लगता है कि अगर नीतीश परिवार साथ आ जाए तो पुराना समाजवादी समीकरण फिर से खड़ा हो सकता है.

जदयू का जवाब, निशांत को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

दूसरी ओर जदयू इस पूरी घटना को सियासी रंग देने से बच रही है. हालांकि, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर जदयू कार्यकर्ता सबसे ज्यादा खुश होंगे. उन्होंने इस बात से इनकार नहीं किया कि निशांत कुमार को आगे बढ़ाया जा सकता है. वहीं, जदयू का यह भी तर्क है कि सुरक्षा घेरा प्रोटोकॉल का हिस्सा होता है और मुख्यमंत्री के आसपास सुरक्षा कर्मी किसी को भी सटने नहीं देते. इसे अपमान कहना राजनीति है. निशांत कुमार ने खुद भी इस पर कोई शिकायत नहीं की है.

दरअसल, जानकार कहते हैं कि जदयू के अंदर निशांत कुमार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विरासत के तौर पर देखा जा रहा है. ऐसे में पार्टी नहीं चाहती कि निशांत नाराज होकर विपक्ष के करीब जाएं. वहीं, बिहार की राजनीति में निशांत कुमार को पीछे करने के एक छोटे से वीडियो क्लिप ने बड़े सियासी तूफान को जन्म दे दिया है. जाहिर है इस घटना को विपक्ष जदयू के घटते कद और नए सत्ता समीकरणों के मौके के रूप में भुनाने में जुट गया है.

सियासत का सवाल और जवाब का इंतजार

क्या एक धक्के का वीडियो बिहार की सत्ता बदल देगा? जवाब का इंतजार कीजिए क्योंकि, वीडियो सच है, राजद की राजनीति सच है, जदयू की चिंता भी हकीकत है, लेकिन सत्ता बदल का फॉर्मूला अभी जल्दबाजी है. निशांत कुमार चुप हैं, नीतीश कुमार चुप हैं और सम्राट चौधरी ने भी इस वीडियो पर कुछ नहीं कहा है. हालांकि, राजनीति में चुप्पी अक्सर सबसे बड़ा बयान होती है. ऐसे में अब सबकी नजर 21 नवंबर को नीतीश सेतु के उद्घाटन पर है. क्या वहां निशांत कुमार को मंच पर सम्मानजनक जगह मिलेगी? क्या नीतीश कुमार मंच पर होंगे? क्या सम्राट चौधरी और निशांत के बीच कोई दूरी दिखेगी? उन्हीं तस्वीरों से तय होगा कि यह वीडियो सिर्फ प्रोटोकॉल की चूक थी या बिहार की राजनीति में नए मोड़ की शुरुआत!



Source link