Last Updated:
Himachal Police Bribe: हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में विजिलेंस टीम ने सदवां पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर भजन जरियाल को बीस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
हिमाचल के नूरपुर में सब इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार.
नूरपुर. हिमाचल प्रदेश में सब इंस्पेक्टर ने चंद रुपयों के खातिर अपना इमान बेच दिया और विजिलेंस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. एक केस में आरोपी से सब इंस्पेक्टर पैसे मांग रहा था.
विजिलेंस ब्यूरो ने मीडिया को भेजी जानकारी में बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने ‘जीरो-टॉलरेंस’ अभियान को जारी रखते हुए, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, धर्मशाला की टीम ने सब-इंस्पेक्टर को ₹20,000 की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है.
आरोपी की पहचान सब-इंस्पेक्टर भजन जरियाल के रूप में हुई है. सब-इंस्पेक्टर भजन जरियाल नूरपुर में पुलिस चौकी सदवां के प्रभारी (इंचार्ज) के पद पर तैनात था.
नूरपुर के रहने वाले गौरव सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी थी. शिकायत में गौरव सिंह ने आरोप लगाया था कि आरोपी अधिकारी ने उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में कैंसिलेशन रिपोर्ट (रद्दीकरण रिपोर्ट) तैयार करने में मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी. शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में ₹30,000 की रिश्वत मांगी थी, जिसे बाद में बातचीत के बाद ₹20,000 में तय किया गया.
शिकायत पर पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया और ट्रैप बिछाया. ट्रैप ऑपरेशन के दौरान, स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से ₹20,000/- की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए सब-इंस्पेक्टर को रंगे हाथों पकड़ लिया गया. मौके पर ही आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई. इस संबंध में, पुलिस थाना धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (अधिनियम संख्या 16, 2018 द्वारा यथासंशोधित) की धारा 7 के तहत दिनांक 18.11.2026 को एफआईआर (FIR) संख्या 13/2026 दर्ज की गई है. आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है.