तुर्किये से लेकर म्यांमार तक भारत बना भरोसेमंद मददगार, CDS ने बताई देश की ताकत
Last Updated:
Exercise Sahayata Setu: आपदाएं कभी सीमाएं देखकर नहीं आतीं, इसलिए उनसे निपटने के लिए देशों और एजेंसियों का तालमेल भी सीमाओं से परे होना चाहिए. गुजरात के जामनगर में चल रहे मेगा अभ्यास ‘सहायता सेतु-2026’ के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने यह अहम संदेश दिया. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी बड़ी आपदा में राहत और बचाव का काम अकेले किसी एक एजेंसी के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता.
जामनगर में CDS ने कहा कि हिंद महासागर में भारत सबसे भरोसेमंद फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभा रहा है.
गुजरात के जामनगर में Exercise सहायता सेतु के दौरान CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि आपदा के समय राहत और बचाव अभियान सिर्फ किसी एक एजेंसी की जिम्मेदारी नहीं हो सकती. इसके लिए सरकार, तीनों सेनाओं, NDRF, अर्धसैनिक बलों, सिविल प्रशासन, उद्योग जगत और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में आपदा जोखिम कम करने के लिए जो 10 सूत्रीय एजेंडा दिया था, उसी सोच के तहत सामूहिक तैयारी और समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है.
जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा कि ‘सहायता सेतु-2026’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इसमें तीनों सेनाओं, इंडियन कोस्ट गार्ड, NDMA, NDRF, राज्य प्रशासन और मित्र देशों की भागीदारी है. इसका मकसद संयुक्त तैयारी, जिम्मेदारियों की स्पष्टता और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि भारत की HADR नीति, यानी मानवीय सहायता और आपदा राहत, नेबरहुड फर्स्ट और महासागर विजन से जुड़ी है. भारत हिंद महासागर क्षेत्र और व्यापक इंडो-पैसिफिक में एक भरोसेमंद फर्स्ट रिस्पॉन्डर है.
उन्होंने तुर्किये में ऑपरेशन दोस्त और म्यांमार में ऑपरेशन ब्रह्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत सीमाओं के पार भी तेजी से राहत पहुंचाने की क्षमता रखता है. CDS ने जोर देकर कहा कि आपदाएं सीमाएं नहीं देखतीं, इसलिए उनसे निपटने के लिए देशों और एजेंसियों के बीच सहयोग भी सीमाओं से परे होना चाहिए. आखिरकार, इस पूरी कोशिश का मकसद एक ही है- ‘समय पर मदद पहुंचाना और कीमती जानें बचाना.’